लिफ्ट देकर कार में बनाया बंधक
गाजियाबाद। प्राइवेट कंपनी में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर को कार सवार बदमाशों ने बंधक बनाकर ढाई घंटे शहर में घुमाया और पासवर्ड पूछकर एटीएम से 12 हजार रुपये निकाल लिए। ढाई घंटे बाद करीब साढ़े 10 बजे बदमाश उसे राजनगर एक्सटेंशन में एक कंस्ट्रक्शन साइट के पास गड्ढे में फेंककर भाग गए। बदमाश मोबाइल भी लूट ले गए। युवक ने बृहस्पतिवार को सिहानी गेट थाने में शिकायत दी है।
मेरठ के गांव बासा टीकरी निवासी दीपक कुमार (26) छपरौला में एक नामचीन इलेक्ट्रिक कंपनी के सर्विस सेंटर पर कंप्यूटर ऑपरेटर हैं। दीपक ने बताया कि वह मंगलवार रात करीब आठ बजे मेरठ मोड़ पर मोदीनगर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। मोदीनगर से उसे निवाड़ी रोड पर अपने गांव जाना था। तभी एक इनोवा कार से तीन युवक आए। उन्होंने सवारियों को मेरठ जाने की आवाज लगाई। वह इनोवा में बैठ गया, तभी दो अन्य युवक भी कार में बैठ गए। दीपक को लगा दोनों युवक भी अनजान है और मेरठ जाने के लिए बैठे हैं, लेकिन वह बदमाशों के ही साथी थे। दीपक ने बताया कि सिहानी चुंगी के पास जाकर पीछे की सीट पर बैठे तीन बदमाशों ने उसे नीचे गिरा लिया और मारपीट करने लगे। शोर मचाने पर बदमाशों ने उस पर तमंचा तान दिया। दीपक के मुताबिक बदमाश उसे शहर में ही सड़कों पर करीब ढाई घंटे तक घुमाते रहे। उन्होंने एटीएम का पासवर्ड पूछकर खाते से 12 हजार रुपये निकाल लिए। बदमाशों ने दीपक का मोबाइल, आधार कार्ड आदि दस्तावेज भी छीन लिए। एसओ विनोद कुमार पांडेय का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
कई चौकी-पिकेट पार की, नहीं हुई चेकिंग
बदमाश दीपक को घुमाते रहे। इस दौरान सबसे पहले वह सिहानी चुंगी पुलिस चौकी को पार कर राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर गए। दोनों ही जगह पुलिस तैनात रहती हैं, लेकिन कार चेक नहीं की गई। इसके बाद बदमाश उसे राजनगर एक्सटेंशन की ओर ले गए। बीच में पुलिस की गाड़ी खड़ी मिली, लेकिन यहां भी कार को नहीं रोका गया। बदमाश करीब ढाई घंटे तक पिटाई करते रहे, लेकिन उसे मदद नहीं मिली। रात करीब 10:30 बजे बदमाश उसे राजनगर एक्सटेंशन में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में फेंककर भाग गए।
भोवापुर में पैदल पहुंचा बहन के पास
दीपक ने बताया कि बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद उसके पास न तो रुपये बचे थे और न ही मोबाइल था। भोवापुर में उसकी बहन रहती है। राजनगर एक्सटेंशन से वह पैदल-पैदल रात करीब एक बजे भोवापुर पहुंचा और बहन को लूटपाट की जानकारी दी। बुधवार सुबह दीपक ने सिहानी गेट थाने में पहुंचकर शिकायत दी।