महाराजपुर स्थित कब्रिस्तान में 1000 और 500 रुपये की गड्डियां पड़े होने की सूचना से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सैकड़ों लोग कब्रिस्तान पहुंचे और वहां पड़े 20-25 कार्टन (गत्ते के बॉक्स) खोलकर देखे तो उसमें धागे निकले, जो ट्रक से चोरी किए गए थे।
बुधवार सुबह करीब आठ बजे महाराजपुर कब्रिस्तान के सामने से गुजर रहे कुछ युवकों ने सूचना दी कि कब्रिस्तान में 500-1000 के नोटों की गड्डियों से भरे डिब्बे पड़े हैं। सूचना पर बड़ी संख्या में लोग कब्रिस्तान पहुंचे। कब्रिस्तान में भीड़ जुटने की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगाें को बाहर निकाला।
इसके बाद वहां पड़े डिब्बों की जांच की गई तो उनमें से धागे निकले। पुलिस छानबीन में कार्टन पर लिखे नंबर से पता चला है कि धागे पंजाब से गाजियाबाद लाए जा रहे थे। कृष्णा विहार कुटी निवासी चालक विजय पाल ट्रक में माल लोड कर गाजियाबाद लाया था।
मंगलवार तड़के वह तुलसी निकेतन पहुंचा और ट्रक सड़क किनारे खड़ा कर एक ऑफिस पर शौच के लिए चला गया। कुछ देर बाद लौटा तो ट्रक गायब था। ट्रक मालिक अशोक का कहना है कि घटना को 36 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस ने बुधवार शाम तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
हालांकि कब्रिस्तान में जो माल मिला है, वह उनका ही है। इस संबंध में एएसपी अनूप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।