फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बच्ची को तलाशते रहे परिजन, ताऊ की छत पर मिला शव

विज्ञापन
विज्ञापन
बच्ची को तलाशते रहे परिजन, ताऊ की छत पर मिला शव
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
साहिबाबाद। खोड़ा की आदर्शनगर कालोनी से बृहस्पतिवार को लापता बच्ची राशि को परिजन और आसपास के लोग दो दिन तक तलाशते रहे। इस दौरान शनिवार को बच्ची का शव ताऊ दिनेश की छत पर कट्टे में बंधा मिला। मासूम का शव देखकर परिजनों के होश उड़ गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने मामले में पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर समय से तलाश करती तो आज बच्ची जिंदा होती। घटना के बाद मुकेश का किराएदार दीपक गायब है। उसके कमरे से शराब की एक बोतल, दो गिलास और एक चाकू बरामद हुआ है।
खोड़ा निवासी मुकेश और उनके भाई दिनेश दोनों का दो-दो मंजिल का मकान है। दोनों की छतें ऊपर आपस में मिलती हैं, इनकी बाउंड्रीवाल भी बहुत अधिक ऊंची नहीं है। लापता बच्ची राशि का शव दिनेश की छत पर एक कट्टे में बंधा हुआ मिला। मकान के सामने पहली मंजिल पर किराए पर रहने वाली महिला ने सुबह 6 बजे देखा कि दिनेश की छत पर एक प्लास्टिक का कट्टा पड़ा है जिस पर मक्खियां लग रही हैं। उन्होंने अपनी मकान मालकिन ममता को इसकी जानकारी दी। ममता ने 10.30 बजे दिनेश के परिवार को बताया कि छत पर रखे एक कट्टे पर मक्खियां लग रही हैं। परिवार के लोगों ने यह बात मुकेश को बताई। मुकेश ने छत पर जाकर कट्टा खोला तो बेटी के शव देखकर कर उसके होश उड़ गए। उसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार रात आठ बजे देखा गया था बच्ची को
परिजनों ने बताया कि राशि को बृहस्पतिवार रात आठ बजे घर की दूसरी गली में देखा गया था। वह मंदिर में प्रसाद ले रही थी। यह सब पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था। उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल रहा था। इसी बीच किसी ने उससे अगवा कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप, किया हंगामा
बच्ची का शव मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि शिकायत देने के बाद भी पुलिस ने 24 घंटे बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही। समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो बच्ची बच जाती। वहीं शव बरामद होने के काफी देर बाद फोरेंसिक टीम के नहीं पहुंचे पर परिजन भड़क गए। परिजनों का आरोप था कि पुलिस घटनास्थल के आसपास न तो किसी को आने से रोक रही है न ही घेराबंदी की।
किराएदार का कमरा खंगाला
पुलिस ने घटना के बाद मुकेश के घर किराए पर रहने वाले दीपक के कमरे की तलाशी ली। उसके कमरे से शराब की एक बोतल, दो गिलास और एक चाकू बरामद हुआ है। पुलिस किराएदार की कॉल डिटेल और लोकेशन भी खंगाल रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। डॉग स्क्वायड के साथ भी पुलिस ने मौके का मुआयना किया।
बच्ची की मां की हो रही डायलिसिस
बच्ची की मां की काफी समय से तबीयत खराब है। पति मुकेश ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। वह अपनी पत्नी की बीमारी का काफी समय से इलाज करा रहे हैं। उनकी दोनों किडनी खराब हो चुकी है। वह डायलिसिस पर चल रही है। बृहस्पतिवार को भी डायलिसिस कराने जाना था, लेकिन बच्ची लापता होने के बाद वह नहीं जा सकी।
क्या कहते हैं एसएसपी
एसएसपी वैभव कृष्ण का कहना है कि तीन टीमें जांच के लिए लगाई हैं। रेप के बाद हत्या की आशंका समेत अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
विज्ञापन

परिजनों ने हाईवे जाम कर किया हंगामा
साहिबाबाद। देर शाम तक बच्ची के शव का पोस्टमार्टम नहीं होने और आरोपियों का सुराग नहीं लगाने से परिजनों का गुस्सा फूट गया। गुस्साए परिजनों ने लोगों के साथ मिलकर एनएच-24 पर जाम लगा कर खूब हंगामा किया। परिजन पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग करने लगे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस सुबह ही शव को कब्जे में लेने के बाद भी न तो पोस्टमार्टम नहीं कराया और न ही आरोपियों का पता लगाया। परिजनों ने एसएचओ को हटाने की मांग की है। इस दौरान दिल्ली जाने वाली सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना मिलते ही एएसपी रवि कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। उन्होंने रविवार दोपहर 12 बजे तक शव को सुपुर्द करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इस दौरान शाम सात से आठ बजे तक जाम लगा रहा। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें