ट्रेनों की चपेट में आकर किशोर समेत 3 की मौत
गाजियाबाद। दो दिन में ट्रेन की चपेट में आकर किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें से दो की शिनाख्त हो गई है जबकि किशोर की शिनाख्त अब तक नहीं हुई है। मृतकों में एक युवक मोदीनगर और दूसरा घूकना का रहने वाला था। पुलिस जांच कर रही है।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नया गाजियाबाद स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक शव मिला। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव कब्जे में ले लिया। दोपहर बाद उसकी शिनाख्त मनोज पुत्र बिजेंद्र श्याम सिंह विहार, मोदीनगर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक मनोज के ट्रेन से गिरने से मौत की आशंका है। वह कचहरी में तारीख पर आया था। इससे पहले सोमवार देर शाम कैला भट्टा के पास ट्रैक पर एक 13 वर्षीय किशोर घायल हाल में मिला था। स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचना देकर उसे अस्पताल में पहुंचाया, जहां रात को उसकी मौत हो गई। विजय नगर पुलिस के मुताबिक मृतक किशोर की शिनाख्त नहीं हो पाई है। आशंका है कि किशोर चलती ट्रेन से गिरा था और गंभीर चोटें लगने की वजह से उसकी मौत हो गई। इसके अलावा सोमवार को त्यागी मार्केट घूकना निवासी अमन की भी ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक सोमवार दोपहर अमन घायल हालत में हिंडन मोर्चरी के पास रेलवे ट्रैक पर घायल हालत में मिला था। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाकर परिजनों को सूचना दी। देर शाम को उसकी मौत हो गई। एसएचओ कोतवाली गजेंद्र सिंह के मुताबिक अमन के एक हाथ में गंभीर चोट आई थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। नया बस अड्डा चौकी इंचार्ज अतुल चौहान के मुताबिक परिजनों ने पूछताछ में बताया कि अमन टैंपो चलाता था। सोमवार सुबह उसका पत्नी से झगड़ा हो गया था। ऐसे में उसके आत्महत्या करने की आशंका भी जताई जा रही है।