पटना निवासी प्रॉपर्टी डीलर प्रवीण विश्वकर्मा की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने मुख्य आरोपी वरुण सिंह के एक और बाउंसर को मुंबई से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस दो बाउंसरों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मगर मुख्य आरोपी वरुण सिंह अभी भी पुलिस की गिरफ्तार से बाहर है।
दो दिन पहले उपनिरीक्षक नरेंद्र शर्मा की अगुवाई में मुंबई गई क्राइम ब्रांच की टीम ने थाणे, मुबई निवासी मोहम्मद इमरान को जुहू बीच के पास से मंगलवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे वहां के अंधेरी कोर्ट में पेश कर उसे ट्रांजिट रिमांड पर लिया और फरीदाबाद के लिए रवाना हो गई। इस मामले में मुख्य आरोपी वरुण सिंह सहित दो और लोगों की पुलिस को तलाश है।
प्रॉपर्टी के विवाद में पटना निवासी प्रॉपर्टी डीलर प्रवीण विश्वकर्मा की 30 नवंबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। करीब डेढ़ करोड़ रुपये के विवाद में वरुण सिंह ने प्रॉपर्टी डीलर प्रवीण को पटना से यहां बुलाकर पाली-गुरुग्राम सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में सूरजकुंड थाना पुलिस ने पटना निवासी वरुण सिंह और अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने इस मामले में मोहित और फिरोज को गिरफ्तार किया था। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की एक टीम ने इस माह पटना में भी छापेमारी की थी।
पुलिस छापेमारी के वक्त हत्या में प्रयोग हुई एक गाड़ी को ही बरामद कर सकी थी। शातिर दिमाग वरुण सिंह इस मामले में लगातार पुलिस को चकमा दे रहा है। पुलिस को डर है कि वरुण सिंह देश छोड़कर न भाग जाए, इसके लिए उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।