शादी का झांसा देकर ज्वेलरी गिरवी रखवाई, अब युवक फरार
गाजियाबाद। गोविंदपुरम की एक महिला ने एक तलाकशुदा व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर ज्वेलरी गिरवी रखवाने का आरोप लगाया है। महिला ने विरोध किया तो अब वह घर पर ताला लगाकर फरार हो गया। पीड़िता ने कविनगर पुलिस से घर का ताला खुलवाकर आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है। करीब दो साल पहले पति से अलग होकर महिला अपनी 10 साल की बेटी के साथ गोविंदपुरम में रह रही थी। इसी बीच उसकी मुलाकात एक तलाकशुदा युवक के साथ हुई। करीब छह माह पहले युवक ने शादी की बात की तो दोनों किराए के मकान में साथ रहने लगे। युवक के भी दो बच्चे हैं। मंगलवार दोपहर कविनगर थाने में शिकायत लेकर पहुंची महिला ने आरोप लगाया कि युवक ने शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाए और उसकी ज्वेलरी गिरवी पर रख कर फाइनेंस कंपनी से रुपये उधार ले लिए। महिला ने सोमवार को 100 नंबर पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। युवक घर का ताला लगाकर बच्चों को लेकर फरार है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो