बंधक बनाकर युवक से मारपीट, रेलवे ट्रैक पर फेंका
लोनी। लोनी बार्डर थाना क्षेत्र में युवक को घर से बुलाकर बंधक बना मारपीट करने के बाद रेलवे ट्रैक पर फेंकने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने तीन नामजद समेत सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला आठ अप्रैल का बताया जा रहा है। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। जबकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, लोनी बार्डर थाना क्षेत्र की विकास कुंज कॉलोनी के बी-ब्लॉक में सतेंद्र कुमार परिवार के साथ रहते हैं। आरोप है कि आठ अप्रैल को कॉलोनी निवासी आसिफ, नीरज, अमित और चार अन्य युवक उन्हें घर से बुलाकर ले गए। सभी ने उनके हाथ पैर बांधकर उनके साथ मारपीट की। सुबह करीब चार बजे मारने की नियत से उन्हें रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। इस दौरान वहां से एक व्यक्ति को गुजरता देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। व्यक्ति ने उनके हाथ पैर खोले और ऑटो से पुलिस चौकी तक भेजा। पीड़ित ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद भी गिरफ्तार नहीं कर रही है। एसएचओ लोनी बार्डर शैलेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर तीन नामजद समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।