बहन के घर बुलाकर आरोपी ने विधवा से किया दुष्कर्म
- रिपोर्ट दर्ज कराने पर दी जान से मारने की धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
गाजियाबाद। विधवा महिला को बहन के घर बुलाकर आरोपी युवक ने दुष्कर्म किया। पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करने पर युवक की बहन और मां ने मारपीट की। विजयनगर थाना पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
सीलमपुर दिल्ली निवासी विधवा महिला ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत की है कि उसका इलाज दिल्ली के एक बड़े हॉस्पिटल में चल रहा है। उसी हॉस्पिटल में वियजनगर थाना क्षेत्र की एक महिला भी इलाज कराने के लिए आती थी। वहां दोनों की मुलाकात हो गई। धीरे-धीरे परिवार जैसे संबंध हो गए। एक दूसरे के घर आना जाना भी हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उक्त महिला ने 14 मार्च को करीब साढ़े छह बजे कॉल करके बुलाया। उनके घर पहुंचने के कुछ देर बाद गई उक्त महिला का भाई भी आ गया। उसने कहा कि तीसरी मंजिल पर कमरे में बात करेंगे। वहीं पर चाय पीते हैं। उक्त युवक के साथ वह कमरे में चली गई। चाय पिलाने के बाद युवक ने कमरा बंद कर लिया और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने जब उसकी बहन और मां से पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कहा तो तीनों ने मिलकर पीटा। 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस से शिकायत की। विजयनगर थाना पुलिस ने आरोपी युवक को छोड़ दिया। पीड़िता का आरोप है कि थाने में तैनात एक दरोगा ने अभद्रता भी की। सुनवाई न होने पर पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।