शराब पीकर दौड़ाई गाड़ी, दो कार भिड़ी
गाजियाबाद। नए साल के जश्न में शराब पीकर कार दौड़ना दो युवकों के लिए भारी पड़ गया। नशे में कार चालक ने ईको स्पोर्ट्स को पीछे से ठोक दिया। इस बात को लेकर दोनों कारों में सवार युवकों में जमकर लात घूंसे चले।
पुलिस नववर्ष के रंग में भंग न डले इसके लिए विशेष व्यवस्था की थी, लेकिन पुलिस की व्यवस्था फेल नजर आई। सड़कों पर युवक शराब पीकर हुड़दंग करते नजर आए। जबकि शराब के नशे में कई स्थानों पर कार आपस में ठोक दी। हापुड़ रोड पर सीबीआई एकेडमी के सामने नशे में धुत कार चालक ने सड़क किनारे खड़ी कार पीछे से टक्कर मार दी। दोनों कार के युवकों में कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में लात घूंसे चलने शुरू हो गए। झगड़ा होता देख वहां काफी संख्या में भीड़ खड़ी हो गई। लोगों ने पुलिस को 100 नंबर पर सूचना दी। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। कविनगर थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
आग लगने से दो बच्चे झुलसे
गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 स्थित एच ब्लॉक निवासी हीरा पैठ व्यापारी हैं। सोमवार रात उनके घर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी। आग बुझाने के चक्कर में दो बच्चे झुलस गए। दमकल विभाग की गाड़ी ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी सुशील यादव ने बताया शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी। दो बच्चे मामूली झुलस गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।