नंदग्राम में पुलिस पर हमला
गाजियाबाद। नंदग्राम में बैंक शाखा के सामने लगे स्टॉल को साइड में लगाने को कहने पर युवकों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। उनके साथ मारपीट व अभद्रता की। सूचना पर पहुंचे एक दरोगा से भी अभद्रता की। इसके बाद अन्य पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और चार युवकों को पकड़ लिया। उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस उनके साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।
आरोपी गौरव कुमार निवासी सेक्टर-12 विजयनगर ने नंदग्राम में परशुराम चौक के पास इंडियन बैंक के सामने रविवार सुबह मोबाइल पर टैंपर्ड ग्लास लगाने की कैनोपी (स्टॉल) लगा रखी थी। पीआरवी-2149 पर तैनात हेड कांस्टेबल सुनहेरा सिंह, कांस्टेबल अजय सिंह और चालक विकास ने गौरव से बैंक के सामने से कैनोपी हटाकर साइड में लगाने को कहा। इस पर गौरव गुस्सा गया और उसने अभद्रता शुरू कर दी। उसने कई साथियों को फोन कर बुला लिया। कुछ देर बाद 40 से अधिक युवक पहुंच गए। आरोपियों ने तीनों पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसमें हेड कांस्टेबल सुनहेरा सिंह, कांस्टेबल अजय सिंह और चालक विकास के हाथों पर खरोंच आई हैं। पुलिस से अभद्रता और मारपीट की सूचना पर दरोगा नरेंद्र भी घटनास्थल पर पहुंच गए। आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। दरोगा ने कॉल कर नंदग्राम चौकी इंचार्ज प्रजंत त्यागी को सूचना दी। वह तत्काल पुलिस टीम के साथ पहुंच गए और वहां युवकों को खदेड़ा। गौरव के अलावा इशरार निवासी नूर नगर सिहानी, जयंत और महेश निवासी नंदग्राम को गिरफ्तार कर लिया। सिहानी गेट थाना पुलिस ने हमला करने की धाराओं में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। सिहानी गेट एसएचओ संजय पांडेय ने बताया कि हंगामा और पुलिस के साथ अभद्रता करने वाले अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील है क्षेत्र
नंदग्राम में परशुराम चौक के पास बैंक और कई एटीएम है। यहां आए दिन कोई न कोई वारदात होती है। पुलिस इस क्षेत्र में ज्यादा अलर्ट रहती है, जिससे किसी घटना की पुनरावृत्ति न हो सके। यही वजह है कि बैंक के सामने से कैनोपी हटाकर साइड में लगाने के लिए कहा गया था, जिस पर युवक आपा खो बैठे।
खाकी का नहीं रहा डर
जिन युवकों ने पुलिस के साथ अभद्रता की और हमला किया, उन आरोपियों में पुलिस का जरा भी डर नहीं था। आरोपी आम लोगों की तरह पुलिस पर हावी दिखे। सिहानी गेट थाने की हवालात में बंद होने के दौरान भी युवकों में पुलिस का कोई भय नहीं था। वह वहां पर पुलिस के साथ अच्छा व्यवहार करते दिखाई नहीं दिए।
आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश
पुलिस पर हमला करने वाले फरार अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से युवकों की पहचान कर रही है। पुलिस ने कई स्थान पर आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी है, लेकिन वह अभी पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं।