संदिग्ध हालत में नौवीं मंजिल से गिरा युवक, मौत
इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अहिंसा खंड दो स्थित निराला ईडन सोसायटी में बुधवार रात नौवीं मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरकर एक युवक की मौत हो गई।
युवक सोसायटी में रहने वाली अपनी मंगेतर से मिलने आया था। पुलिस युवक की मंगतेर से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। युवक और उसकी मंगेतर एक मीडिया हाउस में काम करते हैं।
मूलरूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले आशीष गुप्ता (30) नोएडा में किराए के मकान में रहते थे। वह दिल्ली के एक मीडिया संस्थान में काम करते थे। पुलिस के मुताबिक, आशीष बुधवार रात करीब 10.30 बजे इंदिरापुरम की निराला सोसायटी में नौवीं मंजिल पर रहने वाली अपनी मंगेतर से मिलने आया था।
रात करीब 11 बजे आशीष नौवीं मंजिल से संदिग्ध हालात में गिर गया। मंगेतर उसे लोगों की मदद से पास के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचीं। डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में पता चला कि आशीष रात में बालकनी में टहल रहा था।
इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। हालांकि मामले में अभी तक इंदिरापुरम थाने में शिकायत नहीं की गई है। इंदिरापुरम एसएचओ सुशील दुबे ने बताया कि मृतक के परिजनों को मामले की सूचना दे दी है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
आशीष गुप्ता और उनकी मंगेतर दिल्ली के एक ही मीडिया संस्थान में साथ ही काम करते थे। इसी साल दोनों की सगाई थी। दोनों की शादी की तैयारियां भी चल रही थी। अक्सर छुट्टी के दिन दोनों एक-दूसरे से मिलते थे। आशीष बुधवार रात मंगेतर से मिलने के लिए ही सोसायटी में आया था।