सपा महानगर अध्यक्ष के भाई समेत पांच पर मुकदमा दर्ज
गाजियाबाद। कोर्ट के आदेश पर कविनगर थाने में सपा के महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी के भाई विकास चौधरी समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। विकास चौधरी पर आरोप है कि उन्होंने सराफ को एक मकान बेचने के नाम पर लाखों रुपये पीड़ित से हड़प लिए हैं। कविनगर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजनगर एक्सटेंशन में रहने वाले रविंद्र गोयल चौपला मंदिर के पास ज्वैलर्स शोरूम चलाते हैं। उन्हें 2015 में मकान खरीदने के लिए सपा नेता राहुल के भाई विकास चौधरी ने बताया कि उनकी सास हरबीरी शास्त्री नगर स्थित कोठी को बेचना चाहती है। इसके बाद उन्होंने विकास, हरबीरी, विकास की पत्नी प्रीति, हरबीरी की बेटी कविता और उसके पति रजत भास्कर के सामने बैठकर कोठी का सौदा 1.7 करोड़ रुपये में तय किया। इसके लिए रविंद्र ने 78.5 लाख रुपये हरबीरी को दे दिए। इस दौरान कोठी के चार कमरों में रविंद्र को कब्जा भी दे दिया। जब रविंद्र इसकी रजिस्ट्री के लिए 12 लाख रुपये के स्टांप पेपर खरीदे तो आरोपियों ने दो साल तक रजिस्ट्री नहीं की। आरोप है कि 15 दिसंबर 2017 को वह पत्नी और बेटे वैभव के साथ कोठी पर गए। यहां उन्हें कमरों में घुसने नहीं दिया। आरोप है कि पांचों आरोपितों ने उनसे मारपीट की। विरोध पर उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की। उन्होंने कविनगर थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। इस मामले रविंद्र ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर विकास समेत पांचों के खिलाफ धोखाधड़ी, बलवा, मारपीट और जान से मारने की धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है। वहीं, इस संबंध में महानगर अध्यक्ष सपा राहुल चौधरी का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। यह विकास के ससुराल पक्ष से जुड़ा मामला है। इससे उनका कोई लेना देना नहीं है। वहीं विकास चौधरी का कहना है कि उनका इस केस से कोई लेना देना नहीं है, यदि उनका नाम मामले में लिया जाता है तो वह मानहानि का दावा करेंगे।
-----