भारत सरकार लिखी गाड़ी में लिफ्ट देकर युवक को लूटा
गाजियाबाद। मुंबई से घर जा रहे युवक को भारत सरकार लिखी कार ने कविनगर थाने के पास लिफ्ट देकर लूट लिया। पीड़ित ने सिहानी गेट थाने में तहरीर दी है।
विकास निवासी धामपुर बिजनौर मुंबई के बोरवली में रहकर काम करता है। बृहस्पतिवार को वह ट्रेन से गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर उतरा। वहां से टेंपो से रोडवेज बस स्टैंड पहुंचे। यहां खड़े होने के दौरान एक युवक स्कूटी पर आया और पूछने लगा भाई कैसे खड़े हो। उसने बोला की धामपुर जाना है। स्कूटी सवार युवक ने कहा कि उसे भी धामपुर जाना है। इस दौरान कुछ ही देर में भारत सरकार लिखी इनोवा कार आई। दोनों युवकों के पास रुकी। युवक ने पूछा कैसे खड़े हो। उन्होंने कहा धामपुर जाना है। युवक ने स्कूटी रोडवेज बस अड्डे पर खड़ी कर दी। दोनों कार में बैठकर हापुड़ चुंगी पहुंच गए। कविनगर थाने के पास पहुंचकर स्कूटी सवार युवक और कार चालक बोला कि भारत सरकार लिखी हुई गाड़ी है। थाने से मंजूरी लेनी होगी। आरोपियों ने विकास से सारे रुपये और बैग कार में रखवा लिया। युवक को थाने के बाहर उतार दिया। आरोपी फरार हो गए। युवक ने सिहानीगेट थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। सिहानीगेट पुलिस ने पीड़ित को 500 रुपये देकर घर भेज दिया। सिहानी गेट कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।