फंदे से लटका मिला युवक का शव
गाजियाबाद। बम्हेटा के एक घर में संदिग्ध हालात में एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का गेट तोड़कर शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।
मृतक शिवचरण (28) मूलरूप से कोतवाली देहात थाना क्षेत्र हरदोई का रहने वाला था और फिलहाल बम्हेटा में किराए पर रहता था। पुलिस के मुताबिक वह मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार को वह अपने कमरे में सो गया। सुबह आठ बजे तक उसके कमरे का दरवाजा न खुला तो पड़ोस में रहने वाले परिचितों ने उसे जगाने के लिए आवाज लगाई। इसके बाद भी दरवाजा न खुला तो पड़ोसियों ने कविनगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर शिवचरण फंदे से लटका हुआ था। पुलिस के मुताबिक वह शराब का आदी था। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं हुआ है। मामले की जांच कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।