चाचा ने किया एलएलबी की छात्रा से दुष्कर्म
गाजियाबाद। रिश्ते के चाचा ने एलएलबी की छात्रा को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। किसी को बताने पर युवती के भाई और परिजनों को जान से मारने व तेजाब डालने की धमकी दी। डरी हुई छात्रा ने अपने हाथ की नस काट ली। शुक्रवार को पीड़िता और उसके परिजन सिहानी गेट थाने पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
मूलरूप से मेरठ की रहने वाली पीड़िता मेरठ रोड स्थित निजी कालेज से एलएलबी फर्स्ट ईयर कर रही है। छात्रा का कहना है कि 16मार्च को उसके रिश्ते का चाचा राहुल निवासी मुरादनगर उसे कालेज के बाहर मिला। उसने उसे घर छोड़ने की बात कही और बाइक पर बैठाकर पटेलनगर स्थित अपने किराए के फ्लैट पर ले गया। वहां उसने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर उसे रेप का वीडियो और फोटो दिखाकर धमकियां दीं। धमकी से डरी पीड़िता ने घर पहुंचकर भी मामले की जानकारी परिजनों को नहीं दी। लेकिन कुछ दिन बाद आरोपी ने उसे कॉल कर बुलाने का दबाव डाला। इससे परेशान युवती ने चार दिन पहले अपने हाथ की नस काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इसके बाद परिजनों को सारी बात पता चली। परिजनों ने सिहानी गेट थाने में तहरीर दी। एसओ सिहानी गेट का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। युवती से भी पूछताछ की जाएगी।क्ष्