बदमाश को रिमांड पर लेकर बरामद की कारोबारी की घड़ी
गाजियाबाद। लूट के विरोध में घी-तेल कारोबारी की हत्या में शामिल एक बदमाश को कोतवाली पुलिस ने कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर लिया। बागपत से आठ घंटे की पीसीआर पर लाए गए बदमाश सोनू ठाकुर निवासी सरोहा, बरेली की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक कारोबारी की घड़ी बरामद की है। पिछली 27 फरवरी को घंटाघर कोतवाली क्षेत्र के नसरतपुरा इलाके में घर के बाहर तेल कारोबारी बिजेंद्र गर्ग की हत्या कर दी गई थी।
इससे पहले इस मामले के अन्य आरोपियों को दिल्ली व गाजियाबाद पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। घंटाघर कोतवाली एसएचओ लक्ष्मण वर्मा ने बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व बागपत के चांदीनगर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद सोनू ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने बताया था कि वह गाजियाबाद में बिजेंद्र गर्ग की हत्या में शामिल रहा था। इसके बाद घंटाघर कोतवाली पुलिस ने बागपत कोर्ट में उसके पुलिस कस्टडी रिमांड की अर्जी दाखिल की थी। कोर्ट सोनू की 8 घंटे की पीसीआर मंजूर की थी। उन्होंने बताया कि बरेली के सरोहा कस्बे के रहने वाले सोनू को सुबह 10 बजे जेल से लाया गया और पूछताछ की गई। उसने बताया था कि तेल कारोबारी बिजेंद्र गर्ग की घड़ी को उसने राजनगर एक्सटेंशन करहेड़ा के पास दबा दी थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कारोबारी की घड़ी बरामद कर ली है। रिमांड पूरा होने पर आरोपी सोनू को वापस बागपत जेल भेज दिया गया।
कारोबारी ने रची थी लूट की साजिश
गुड़ मंडी में घी-तेल का कारोबार करने वाले बिजेंद्र गर्ग से लूट की साजिश उनसे माल खरीदने वाले एक कारोबारी ने रची थी। उसकी योजना पर बदमाशों ने 27 फरवरी की रात वारदात की थी। घर के बाहर पहुंचने पर दो बदमाशों ने बिजेंद्र गर्ग से कैश से भरा बैग लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के मुख्य आरोपी रितेश को दिल्ली में क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया तो वारदात के राज का पर्दाफाश हुआ था। रितेश गाजियाबाद का ही रहने वाला है।