नंबर प्लेट बदलकर चला रहे ऑटो, दो गिरफ्तार
गाजियाबाद। नंबर प्लेट बदलकर ऑटो चलाने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने बेचे गए टेंपों की नंबर प्लेट बदली थी। परिवहन विभाग का चालान नोटिस पहुंचने के बाद फर्जीवाड़े की पोल खुली। विजयनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। बताया कि पार्किंग मालिक उसके ऑटो के पार्ट को दूसरे ऑटो में लगवाकर चलवा रहा था।
विजयनगर के आंबेडकर रोड निवासी राजीव आनंद ऑटो स्पेयर पार्ट्स का काम करते हैं। 2014 में उनके छोटे भाई नवीन आनंद ने बलवीर से 80 हजार रुपये में सेकेंड हेंड ऑटो खरीदा था। 2019 में भाई ने ऑटो एक चालक को किराए पर दे दिया। जो चालक ऑटो चला रहा था, उसने पंजीकरण के दौरान अपना नंबर डलवा दिया और ऑटो को चलाता रहा। बताया कि मार्च 2019 में नवीन की मौत हो गई, जिसके बाद राजीव ने ऑटो को एक पार्किंग में खड़ा कर दिया। 19 जून को चालक के पास परिवहन विभाग से मैसेज आया कि ऑटो के नंबर पर 20 हजार रुपये का चालान किया गया है। चालक ने कहा कि पिछले काफी समय से ऑटो खड़ा हुआ है। उसका चालान कैसे कट सकता है। उसने नवीन को इसकी जानकारी दी। नवीन और चालक दोनों आरटीओ पहुंचे और चालान की जानकारी की। उन्होंने फोटो के आधार पर दिव्यांग चालक केशव के बारे में पता चला। बताया गया कि लाइसेंस न होने के बाद भी केशव ऑटो को फर्जी नंबर प्लेट के आधार पर चला रहा था।
पीड़ित केशव के बारे में पुलिस को जानकारी दी। पता चला कि पार्किंग संचालक सुरेंद्र ने एक बिना दस्तावेजों का ऑटो 30 हजार रुपये में खरीद लिया था। उसके ऑटो की नंबर प्लेट उसमें लगवा दी थी। बताया कि अब्बास ने ऑटो का अगला हिस्सा बदलवाया था। तभी से इसी नंबर से ऑटो को चला रहे थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। विजयनगर थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केशव और सुरेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।