गाजियाबाद। सिहानीगेट थाना क्षेत्र के सेवानगर में अधिवक्ता का परिवार शनिवार सुबह सोता रहा और चोर लैपटॉप व नकदी ले गए। इसी दिन पटेल नगर में फिजियोथैरेपी क्लीनिक का ताला तोड़कर चोरों ने माल साफ कर दिया। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
सेवानगर निवासी विपिन वर्मा अधिवक्ता है। उन्होंने बताया कि वह सेवानगर में अपने भाई विश्वजीत वर्मा और पिता के साथ रहते हैं। मकान के पहले और दूसरे तल पर पूरा परिवार रहता है। भूतल पर फिजियोथैरेपी क्लीनिक है। शनिवार सुबह उठे तो कुछ सामान इधर-उधर पड़ा हुआ था। शर्ट सीढ़ियों पर पड़ी थी। शर्ट से 15 हजार रुपये गायब थे। अंदर गए तो लैपटॉप भी गायब था। उन्होंने बताया कि रात में उनका भतीजा गली के बाहर दरवाजा खोलकर गाय को पानी देने गया था। इसी दौरान कोई चोर अंदर घुस गया होगा। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर, पटेल नगर द्वितीय निवासी कविता फिजियोथैरेपी क्लीनिक चलाती हैं। रविवार सुबह दुकान मालिक ने सूचना दी कि उनके क्लीनिक का शटर टूटा है। जाकर देखा तो वहां से चार बैट्री और एलईडी गायब थी। उन्होंने सिहानीगेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।