कलेक्शन एजेंट से तमंचे के बल पर लूट, एक बदमाश दबोचा
मसूरी। थाना क्षेत्र के समयपुर में शुक्रवार देर शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने कलेक्शन करके लौट रहे दो एजेंटों से तमंचे के बल पर 2.82 लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों के भागते वक्त कलेक्शन एजेंट आशीष ने एक बदमाश को धर दबोचा। कलेक्शन एजेंट की बहादुरी के चलते 2.70 लाख रुपये बच गए। बाकी दो बदमाश 12 हजार का दूसरा बैग, बाइक और तीन मोबाइल लेकर भाग गए। कलेक्शन एजेंट आशीष की तहरीर पर मसूरी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पकड़ा गया बदमाश नागेंद्र मुरादनगर के जलालाबाद का है।
शुक्रवार शाम कलेक्शन एजेंट आशीष और राहुल पिलखुवा के मुकीमपुर खेड़ा से कलेक्शन कर लौट रहे थे। दोनों नोएडा की मीमो टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के लिए काम करते हैं। कंपनी ने मुरादनगर में अपना कलेक्शन हेड ऑफिस बना रखा है। ऐसे में पिलखुवा से लौटते वक्त जब वह मसूरी के समयपुर पर पहुंचे। तो पहले से बाइक के पास खड़े तीन लोगों ने दोनों को रोक लिया। आशीष के पास 2.70 लाख, जबकि राहुल के पास 12 हजार का बैग था। ऐसे में बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर दोनों से बैग छीन लिया। बदमाशों के भागते वक्त पीछे बैठे बदमाश नागेंद्र को आशीष ने पकड़ लिया। नागेंद्र के पास 2.70 लाख का बैग था। बदमाश ने आशीष को तमंचा दिखाकर धमकाने का प्रयास किया। इसके बाद वह पास के ईंख के खेत में घुस गया। तब तक जमा हुए स्थानीय लोगों की मदद से आशीष ने बदमाश को पकड़कर मसूरी पुलिस को सौंप दिया।