टेस्ट ड्राइव के बहाने ले गए ट्रक मिस्त्री को बंधक बनाकर फेंका
गाजियाबाद। ट्रक की सर्विस के बाद टेस्ट ड्राइव लेने पहुंचा चालक ट्रक लेकर भाग गया। आरोपी चालक ने ट्रक के मिस्त्री को बंधक बनाकर जीटी रोड के किनारे फेंक दिया। कंपनी के कर्मचारियों के तलाश करने के बाद पीड़ित का पता चला। आरोपी ने दो साथियों केसाथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। कंपनी के अधिकारी एफआइआर दर्ज कराने के लिए तीन थानों के चक्कर काट रहे हैं।
साहिबाबाद स्थित हिमगिरी ऑटोमोबाइल के एचआर विभाग के असिस्टेंट मैनेजर अनूप कुमार ने बताया कि पंचवटी निवासी रजिया चौहान का ट्रक 11 जून को शोरूम पर सर्विस के लिए आया था। ट्रक को उनका चालक ही लाया था और 13 जून को वही ट्रक लेने पहुंचा। टेस्ट ड्राइव की बात पर मैकेनिक रंजीत उसके साथ गया। शोरूम से बाहर निकलते ही चालक ने दो और लोगों को बैठा लिया। आरोप है कि जीटी रोड पर आकर चालक के दोनों साथियों ने रंजीत को पीटना शुरू कर दिया और बंधक बना लिया। आरोपियों ने जीटी रोड पर उसका मोबाइल फेंक दिया और सिल्वर सिटी के सामने कविनगर क्षेत्र में रंजीत को फेंककर भाग गए। काफ ी देर तक ट्रक व मैकेनिक नहीं लौटे तो शोरूम से रंजीत को कॉल की गई। किसी राहगीर ने कॉल उठाई और बताया कि फोन सड़क किनारे पड़ा था। वहीं, रंजीत ने शोर मचाकर राहगीरों को बुलाया और खुद को बंधनमुक्त किया। अनूप ने बताया कविनगर, नगर कोतवाली और साहिबाबाद थाने मेें तहरीर दी है, लेकिन किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि संबंधित थाना प्रभारी से जानकारी कर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। पीड़ित ने अभी कोई शिकायत नहीं की है।