मोबाइल, बाइक लूटने वाले दो गिरफ्तार
सिहानी गेट पुलिस ने मोबाइल और बाइक लूट व चोरी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। उनके पास से चोरी की बाइक, एक मोबाइल और दो चाकू बरामद हुए हैं। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
सीओ आतिश कुमार सिंह ने बताया कि मालीवाड़ा चौक पर रविवार शाम करीब सात बजे पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की एक बाइक पर सवार दो युवकों को चेकिंग के लिए रोका गया। जांच में पता चला कि वह बाइक चोरी की है। पकड़े गए युवक सागर निवासी मालीवाड़ा और हैंसी उर्फ गौरव निवासी ई-ब्लाक शास्त्री नगर है। उनके पास से एक चोरी का मोबाइल और दो चाकू भी बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि दोनों फिर किसी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सीओ ने बताया कि चाकू वह लूट करने के लिए रखते हैं। पब्लिक के विरोध करने पर वह चाकू दिखाकर डरा देते थे और घिर जाने पर चाकू से वार भी कर देते थे।