शॉर्ट सर्किट से टेंट गोदाम में लगी भीषण आग
कविनगर के पांडव नगर औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार सुबह टेंट के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग ने पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया। दमकल की छह गाड़ियों ने करीब 18 चक्कर लगाकर ढाई घंटे में आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना के दौरान गोदाम बंद था और कोई कर्मचारी वहां नहीं था। बताया गया कि इनवर्टर में हुए शॉर्ट सर्किट से गोदाम में आग लगी थी।
कविनगर निवासी अशोक बाटला गाजियाबाद में टेंट और डेकोरेशन का कारोबार करते हैं। उन्होंने पांडव नगर औद्योगिक क्षेत्र में अपना गोदाम बना रखा है। मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अचानक गोदाम से धुआं उठता देखकर लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी।
दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। छह गाड़ियों ने एक के बाद एक 18 चक्कर लगाकर करीब 12 बजे आग पर काबू पाया।
एफएसओ संजीव यादव ने बताया कि जांच में सामने आया है कि गोदाम में इनवर्टर लगा था। इसमें शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी टेंट तक पहुंच गई और गोदाम में आग लग गई। आग में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। लोगों ने बताया कि कुछ ही समय पहले गोदाम मालिक ने नया माल भरा था, जो जल गया। हादसे के बाद गोदाम मालिक सदमे में है।
एफएसओ ने बताया कि जांच में पता चला कि जिस समय आग लगी गोदाम में कोई नहीं था। इसके अलावा यहां न तो कोई भी फायर फाइटिंग सिस्टम लगा है और न ही फायर एनओसी ली गई थी। गोदाम मालिक को नोटिस भेजा जा रहा है। लोगों ने बताया कि गोदाम से कुछ ही दूरी पर पेट्रोल पंप और पीएनजी का प्लांट भी था। आग फैलती तो उन्हें भी खतरा हो सकता था।
करीब डेढ़ माह पहले केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगी, पिछले सप्ताह कंटेनर बनाने वाली फैक्ट्री में आग में मजदूर की मौत के बाद भी प्रशासन चेता नहीं है। औद्योगिक क्षेत्र की अभी भी 70 फीसदी फैक्ट्रियां बिना फायर एनओसी के चल रही हैं। लगातार हादसों के बाद भी इन फैक्ट्रियों में कोई कार्रवाई नहीं की गई।