मिलावट माफियाओं के लिए मुफीद बना पिलखुआ
- एक माह में तीन बड़ी कार्रवाई, करोड़ों का एक्सपायर माल पकड़ा गया
- खाद्य पदार्थों की कई कंपनियां प्रशासन के रडार पर
पिलखुवा।
क्षेत्र मिलावट माफियाओं के लिए मुफीद बनता जा रहा है। बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद से सटा होने के चलते यहां से मिलावटी खाद्य पदार्थ आसानी से सप्लाई किए जा सकते हैं। एकांत क्षेत्र होने के चलते पिलखुआ-धौलाना क्षेत्र पर अफसरों की निगरानी भी कम रहती है। एक शिकायत के बाद सक्रिय हुए एफडीए अफसरों ने एक माह में ही तीन बड़ी कार्रवाई में करीब 15 करोड़ का सामान जब्त किया है। इस खाद्य पदार्थ की सप्लाई से हजारों लोगों की सेहत को नुकसान पहुंच सकता था।
धौलाना-पिलखुआ क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति मिलावट माफियाओं के कारोबार को सपोर्ट करती है। हापुड़ का यह क्षेत्र बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद से सटा हुआ है। यहां से दिल्ली को माल सप्लाई करना भी आसान है। एकांत क्षेत्र होने के चलते यहां अफसरों का हस्तक्षेप भी कम रहता है। यही कारण है यहां पर गैरकानूनी धंधे आराम से फल-फूल रहे हैं। इंडस्ट्रियल एरिया में सामान्य लोगों की आवाजाही भी ज्यादा नहीं रहती है। एक शिकायत के बाद फूड सेफ्टी विभाग द्वारा मिलावट माफियाओं के खिलाफ अब तक तीन बड़ी कार्रवाई हो चुकी हैँ। 27 जून को विभाग की टीम ने शीतल पेय फैक्ट्री में छापा मारा था। यहां 45 लाख कोल्ड ड्रिंक्स की बोतल एक्सपायर मिली थीं। इनकी कीमत करीब 6 करोड़ रुपये थी। टीम ने माल को सील कर दिया था। 10 जुलाई को हिंडालपुर बंबे के पास स्थित एक शीतल पेयजल फैक्ट्री में छापा मारा और शीतल पेय के एक्सपायर 91 ड्रम बरामद किए। इससे 96 हजार कोल्ड ड्रिंक्स की बोतल तैयार की जा सकती थीं। शनिवार को खैरपुर खैराबाद स्थित गोपाल जी डेयरी में छापा मारा गया। यहां बिना एक्सपायर डेट लिखे मिल्क पाउडर के 25-25 किलो के 12 हजार कट्टे माल मिला। टीम ने माल संदिग्ध पाकर सील कर दिया और जांच के लिए सैंपल भेज दिए।
एक्सपायर माल पकड़े जाने पर फूड सेफ्टी विभाग के रडार पर अन्य खाद्य फैक्ट्रियां भी आ गई हैं। डीओ पवन कुमार ने बताया कि डेयरी में की गई छापामारी की रिपोर्ट डीएम और शासन को भेज दी गई है। लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं करने दिया जायेगा।
...