घर के पास घायल मिला युवक, अस्पताल में मौत
लोनी। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के पावी सादकपुर गांव स्थित घर के पास खून से लथपथ एक युवक मिला। जिम करने जा रहे युवकों ने इसकी सूचना परिवार के लोगों को दी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस से शिकायत नहीं की है।
मूलरूप से खेकड़ा, बागपत निवासी विकल (26) परिवार के साथ पावी सादकपुर गांव स्थित शिवविहार कालोनी में रहते थे। परिजनों ने बताया कि विकल को मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे उसका एक दोस्त स्कूटी पर बैठाकर ले गया। वह देर शाम तक घर नहीं आया। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। सुबह घर के पास से गुजर रहे युवकों ने विकल को गली के पास खून से लथपथ देखा। विकल के मुंह, कान और नाक से खून निकल रहा था। उन्होंने इसी सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने घायल को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएचओ नीरज सिंह ने बताया कि दोनों दोस्त थे। मंगलवार को दोनों ही कहीं घूमने गए थे। रात करीब 12 बजे मंडोला स्थित एक खंभे से उनकी स्कूटी टकरा गई, जिसमें दोनों दोस्त घायल हो गए। हादसे में विकल को ज्यादा चोटें आई थी। उसका दोस्त उसे घर के पास छोड़कर भाग गया था। परिजनों ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।