होटल कर्मचारी ने उड़ाए थे डाक्टर के गहने और नकदी
साहिबाबाद। कौशांबी के होटल क्लार्क इन में शुक्रवार रात महिला डाक्टर के परिजनों के कमरे से हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया। होटल के ही कर्मचारी ने चोरी की थी। कौशांबी मेट्रो स्टेशन के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर माल भी बरामद कर लिया गया है।
कौशांबी चौकी प्रभारी राजीव बालियान ने बताया कि मूल रूप से बोकारो निवासी डा. अमन शैंकी दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में डॉक्टर हैं। शुक्रवार को उनकी रिंग सेरेमनी थी। उन्होंने क्लार्क इन होटल में दो कमरे लिए थे। रिंग सेरेमनी के बाद वह अपने अस्पताल के हॉस्टल चली गईं। परिजन होटल में ही रुके हुए थे। रात 12 बजे सभी लोग सो गए। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सुबह चार बजे उनकी मां शीला देवी बाथरूम जाने के लिए उठी तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। उन्होंने देखा कि कमरे से तीन मोबाइल, 25000 रुपये और करीब डेढ़ लाख रुपये के गहने और अन्य कीमती सामान गायब था। उन्होंने वारदात की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चौकी प्रभारी ने बताया कि होटल कर्मचारी सुमिरन प्रसाद निवासी करावल नगर दिल्ली को कौशांबी मेट्रो स्टेशन के पास से सोमवार सुबह गिरफ्तार किया गया। उसके पास से करीब 22 हजार रुपये समेत गहने और अन्य सामान बरामद कर लिया गया है। आरोपी ने पूछताछ में चोरी करना कबूल किया है।