फंदे पर लटका मिला किशोरी का शव
लोनी। नगर की अशोक विहार कालोनी में शनिवार को एक किशोरी का शव उसके घर में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
अशोक विहार कालोनी में रज्जो उर्फ नाजमा (15) मूल रूप से बिहार निवासी अपने भाई, बहन व बहनोई के साथ रहती थी। परिजनों के मुताबिक, वह तीनों मजदूरी करते हैं। शनिवार को वह काम पर गए थे। जबकि नाजमा अपनी बहन के बच्चों के साथ घर पर थी। करीब 10 बजे किशोरी ने बच्चों को खेलने के लिए छत पर भेज दिया। कुछ देर बाद बच्चों के रोने की आवाज पड़ोसियों ने सुनी तो वह घर में देखा कि नाजमा का शव पंखे पर फंदे से लटका हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। पुलिस ने किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी उमेश कुमार पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।