मकान मालिक से शिकायत करने पर मारी थी अकाउंटेंट को गोली
मसूरी। सिकरोड़ा के पास न्यू फ्रेंड्स कालोनी में रहने वाले अकाउंटेंट संजय कुमार सिंह (35) की गोली मारकर हत्या उसी के पड़ोस में रहने वाले दो युवकों ने की थी। अकाउंटेंट और उसकी पत्नी ने हत्यारोपियों के मकान मालिक से शिकायत कर उन्हें मकान से निकालने को कहा था। वारदात के दिन 24 जनवरी को भी उन्होंने यह शिकायत की थी। बार-बार शिकायत किए जाने से नाराज होकर युवकों ने उसी रात अकाउंटेंट के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों हत्यारोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है।
एसएचओ मसूरी सतेंद्र प्रकाश सिंह के मुताबिक हत्यारोपी हामिद निवासी अजराला मुंडाली मेरठ, मोहसिन निवासी छोलस जारजा (गौतमबुद्धनगर) और संजय ढबाना अलीगढ़ हैं। इनका एक साथी अबरार निवासी पिपलेड़ा धौलाना फरार है। एसएचओ ने बताया कि हामिद और मोहसिन अकाउंटेंट संजय सिंह के पड़ोस में ही रामेश्वर के मकान में किराए पर रहते थे। इनकी आपराधिक गतिविधियों से अकाउंटेंट संजय सिंह और उनकी पत्नी रीना सिंह परेशान थे। पिछली 21 जनवरी और फिर 24 जनवरी को उन्होंने दोनों के मकान मालिक रामेश्वर से शिकायत कर मकान खाली कराने को कहा था, ताकि पड़ोस में अपराधी न रहे। इस पर रामेश्वर ने दोनों को मकान खाली करने का अल्टीमेटम दे दिया था। पुलिस के मुताबिक 24 जनवरी की दोपहर में शिकायत के बाद उसी रात दोनों ने अकाउंटेंट की हत्या की प्लानिंग बनाई और रात को घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। अकाउंटेंट को गोली मारकर हत्या कर दी।
ऐसे हुई वारदात
हामिद और मोहसिन छत के रास्ते उसके घर में दाखिल होने लगे। छत पर लगे दरवाजे का ताला खोलने की आवाज सुनकर अकाउंटेंट संजय सिंह ऊपर पहुंचे। उन्हें देखकर हत्यारोपी छिप गए। संजय ताला खोलकर छत पर गए तो दोनों आरोपियों ने उन्हें दबोच लिया। हाथापाई के दौरान खुद को उनके चंगुल से छुड़ाकर नीचे अपने कमरे की तरफ भागे, पीछे-पीछे हामिद और मोहसिन भी कमरे में आ गए। शोर सुनकर पत्नी रीना सिंह भी कमरे में पहुंची और पुलिस को फोन करने के लिए बाहर निकली। दोनों ने अकाउंटेंट को गोली मार दी और छत के रास्ते ही वह फरार हो गए।
हामिद पर डकैती, लूट के कई केस हैं दर्ज
पुलिस के मुताबिक हामिद पर लूट, डकैती, धोखाधड़ी के कई केस दर्ज है। वह 2015 में मसूरी थाने से और 2016 में पिलखुवा थाने से डकैती के मामले में जेल गया था। हापुड़ देहात थाने से वह चोरी के मामले में जेल जा चुका है। मोहसिन पर भी बिसरख थाने में कई केस दर्ज हैं। हामिद करीब चार महीने पहले ही जेल से छूटकर आया था।