नंदग्राम में कलेक्शन एजेंट से लूट करने वाले तीन गिरफ्तार
लूट का टारगेट लेकर घर से निकलने वाले तीन लुटेरों को सिहानी गेट पुलिस ने गिरफ्तार कर नंदग्राम में आइडिया के कलेक्शन एजेंट से हुई लूट का खुलासा कर दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार लुटेरे अब तक लूट और चोरी का शतक लगा चुके हैं। उनके पास से चोरी की बाइक, हथियार, ज्वैलरी और हजारों की नकदी बरामद की गई है। तीनों लुटेरे मौज-मस्ती के लिए लूट करते थे।
एसपी सिटी आकाश तोमर ने बताया कि 15 मई को बाइक सवार तीन युवकों ने नंदग्राम में आइडिया कंपनी के कलेक्शन एजेंट को चाकू मारकर सवा लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। 12 जून को भी नये बस अड्डा के पास फैक्ट्रीकर्मी से 20 हजार लूटे थे।
बैग में फैक्ट्रीकर्मी का मोबाइल भी था। पुलिस ने मोबाइल ट्रेस कर जांच शुरू की और बुधवार रात नंदग्राम कट से तीनों बाइक सवार बदमाशों को दबोच लिया।
लुटेरों से एक सोने का हार, तीन अंगूठी, 20500 की नकदी, दो तमंचे, चार कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। पकड़े गए बदमाश सलमान, पंकज और आरिफ नंदग्राम के ही रहने वाले हैं। तीनों लूट के दौरान विरोध करने पर गोली मार देते थे।
गिरोह का सरगना सलमान है, जो पहले कई मामलों में जेल जा चुका है। वह कुछ माह पहले ही जेल से जमानत पर आया है। एसपी सिटी ने बताया कि तीनों सलमान घर के पास मिलते थे। इस दौरान सलमान दोनों साथियों को लूट का टारगेट देता था कि उस दिन कितने लोगों से लूट करनी है।
अमूमन रोजाना चार से पांच लूट का टारगेट रहता था। घर से राजनगर एक्सटेंशन रोड पर निकलते ही वह अकेले जा रहे लोगों को निशाना बना लेते थे। आरोपी तमंचा लगाकर पर्स लूट लेते और आगे बढ़ते जाते। शाम तक चार से पांच लूट कर घर लौट आते। आरोपी अपने घर पर बताते थे कि वे एक मार्केटिंग कंपनी में जॉब करते हैं।