तेज रफ्तार कार ने एमबीए फाइनल की छात्रा को कुचला, मौत
मुरादनगर। दिल्ली-मेरठ रोड पर सोमवार दोपहर करीब सवा दो बजे एमबीए की दो छात्राओं को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। इनमें से एक की देर रात दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। उधर, पीड़ित परिजनों ने आरोप लगाया है कि कार चालक नशे में धुत था। वह तेज रफ्तार से गाड़ी चल रहा था। उधर, पुलिस ने मौके से कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
घटना मेरठ रोड पर मिलक दुहाई गांव के पास की है। एग्जाम ड्यूटी के बाद अबूपुर निवासी दीपिका (27 वर्षीय) पुत्र प्रदीप कुमार अपनी दोस्त मनोटी निवासी स्वामी के साथ आरडी इंजीनियरिंग कॉलेज से लौट रही थी। दोनों जब सड़क पार कर दूसरी तरफ जा रही थीं, तभी अचानक से गाजियाबाद की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार दोनों को कुचलते हुए डिवाइडर पर जा चढ़ी। कार की स्पीड इतनी अधिक थी कि वो डिवाइडर पर चढ़ते ही पलट गई। उधर, मौके पर मौजूद लोगों व पुलिस ने दोनों छात्राओं को घायल अवस्था में प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से दीपिका को दिल्ली रेफर कर दिया गया जबकि स्वामी को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान दीपिका की देररात को मौत हो गई है। परिजनों ने बताया है कि दीपिका आरडी कॉलेज में ही एमबीए अंतिम वर्ष की छात्रा थी, जबकि उसकी सहेली स्वाती भी एचआरआईटी कॉलेज से एमबीए कर रही है। परिजनों का कहना है कि कार चालक नशे में की धुत था और ओवर स्पीड पर गाड़ी चला रहा था, जिसकी वजह से यह घटना हुई। उधर थानाध्यक्ष का कहना है कि कार को कब्जे में लिया गया है, जबकि कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अगर परिजनों के आरोप सही पाए जाते हैं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
----------------------
सड़क पर लगा जाम
हादसे के बाद हाइवे पर जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रों को गाजियाबाद अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से एक छात्र को दिल्ली रेफर किया गया। पुलिस ने कार को हाइवे से हटवा यातायात सुचारु कराया।