छह हजार रुपये का तगादा करने पर की थी फाइनेंसर की हत्या
गाजियाबाद। नूरनगर सिहानी निवासी फाइनेंसर बागेश शर्मा की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। छह हजार रुपये का तगादा करने और गाली देने पर बागेश की हत्या की गई थी। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
बागेश शर्मा पुत्र बिजेंद्र शर्मा की नंदग्राम में फाइनेंस फर्म है। वह प्रॉपर्टी का काम भी करते थे। 13 दिसंबर की रात घर जाते समय उनकी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। बागेश के बड़े भाई बृम्हेश ने सिहानी गेट थाने में नंदग्राम डी ब्लाक में रहने वाले सोनू चौधरी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार युवकों को उठाकर पूछताछ की, तो उन्होंने हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया। एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि विक्की उर्फ विकास रावत के पिता विजय रावत ने डेढ़ साल पहले बागेश से 20 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। उसकी छह-छह हजार रुपये की चार किश्त बनी थीं। तीन किश्त विक्की के पिता ने दे दी थीं। छह हजार रुपये की एक किश्त बाकी रही थी। इसको लेकर कुछ दिन पहले बागेश ने तगादा किया और विक्की व उसके दोस्त राहुल के साथ गालीगलौज भी की थी। इससे नाराज विक्की ने बागेश को ठिकाना लगाने के लिए दोस्तों के साथ प्लानिंग की। 13 दिसंबर को विक्की ने अपने दोस्त राहुल पंडित, गौरव गौतम, नितेश गुप्ता के साथ शराब पी और बागेश के लिए फील्डिंग लगा दी। रात साढ़े 11 बजे के बाद स्कूटी पर घर जाते समय बागेश को चारों ने रोका और चाकू से गला रेत दिया। पहले गौरव ने सिर में दो चाकू मारे। उसका चाकू नाले में गिर गया। इसके बाद विक्की ने बागेश का चाकू से गला रेत दिया और उसे नाले में फेंककर चारोें फरार हो गए। विक्की, राहुल, गौरव निवासी नंदग्राम सिहानी गेट, नितेश निवासी यादव मोहल्ला मिसलगढ़ी को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू और बाइक भी बरामद की है।
सीसीटीवी कैमरे ने खोला राज
पुलिस ने कई घरों और स्कूलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। नंदग्राम स्थित बागेश के दफ्तर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में चारों आरोपी कैद हो गए थे। चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो हत्या करने की बात कबूल कर ली। अब पुलिस सोनू चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट को कैंसल कराएगी और उसे छोड़ देगी।
खुलासा से संतुष्ट नहीं परिजन
बागेश की हत्या के खुलासे से परिवार के लोग संतुष्ट नहीं हैं। मृतक के बड़े भाई बृम्हेश ने सिहानी गेट थाना पहुंचकर कहा कि हत्या करने वाले लोग यही हैं, लेकिन हत्या करवाने वाले अन्य लोग हैं। पुलिस इस एंगल पर भी जांच करे। कोई भी महज छह हजार रुपये के लिए हत्या नहीं करेगा।