प्रेमिका से पीछा छुड़ाने को रची खुद के अपहरण की साजिश
साहिबाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाले शादीशुदा युवक ने प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए खुद के अपहरण की साजिश रची। आरोपी ने खुद को बैंक में पीओ बताकर युवती प्रेमिका को शादी करने का झांसा देकर इलाहाबाद से गाजियाबाद बुलाया था। यहां आने पर युवती ने शादी का दबाव बनाया तो उसने अपने अपहरण का मैसेज भेज दिया और 20 हजार रुपये की फिरौती भी मांगी। पुलिस ने मैसेज वाले नंबर को सर्विलांस पर लगाया तो वह प्रेमी का ही निकला। खुलासा होने पर प्रेमिका की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर प्रेमी को जेल भेज दिया।
मूलरूप से इलाहाबाद के रहने वाले अभिजीत तिवारी झंडापुर में किराए के मकान में अपनी पत्नी के साथ रहता है। वह लिंक रोड की ही एक कंपनी में नौकरी करता है। उसका इलाहाबाद निवासी एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। अभिजीत ने युवती को गुरुग्राम के एक बैंक में खुद को पीओ के पद पर कार्यरत बताया था। आरोपी ने करीब 15 दिन पहले युवती को शादी करने का झांसा देकर गाजियाबाद बुलाया और झंडापुर में किराए का मकान दिलवा दिया। युवती ने दो दिन पूर्व अभिजीत पर शादी करने का दबाव बनाया तो वह परेशान हो गया। इसके बाद मंगलवार को उसने अपने ही नंबर से महिला को मैसेज किया कि अभिजीत का अपहरण हो गया है। मैसेज में 20 हजार रुपये की फिरौती देने पर छोड़ने की बात लिखी थी। पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मैसेज आने वाले नंबर को सर्विलांस पर लगाकर जांच की। एसएचओ लिंकरोड जेपी चौबे ने बताया कि जांच में नंबर अभिजीत का ही निकला। पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी से सेलफोन बरामद कर लिया है।
पत्नी-ससुर के साथ था, भेज रहा था मैसेज
लिंक एसएचओ रोड ने बताया कि मंगलवार को आरोपी पूरा दिन अपनी पत्नी और ससुर के साथ ही था। वह ससुर को दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज कराने के लिए गया था। तभी वह युवती को अपहरण का मैसेज कर रहा था। मैसेज में उसने खुद को एक महिला बताया था। वह चाहता था कि प्रेमिका किसी तरह से बिना शादी किए इलाहाबाद लौट जाए।