युवक को नोटों के बदले कागज की गड्डी देकर ठगा
साहिबाबाद। खोड़ा की राजीव कालोनी में शनिवार को ठगों ने एक युवक को सात हजार रुपये के बदले कागज की गड्डी देकर ठग लिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
सचिन कुमार शनिवार दोपहर एटीएम से सात हजार रुपये निकालकर घर जा रहा था। इसी बीच उसके पास दो युवक आए। युवकों ने उनके हाथ में रुमाल से बना बंडल दे दिया। युवकों ने कहा कि इसमें 50 हजार रुपये हैं। इन रुपयों को वह अपने मालिक के पास से चोरी कर ला रहे हैं। मालिक के लोग उनके पीछे पड़े हैं। तुम इन रुपयों को रख लो हम तुमसे बाद में ले लेंगे। तुम हमें खर्च के लिए कुछ रुपये दे दो। युवक ने उनकी बात पर यकीन कर लिया और उनसे रुमाल का बंडल लेकर अपने पास रखे सात हजार रुपये उन्हें दे दिए। घर पहुंच कर पीड़ित ने रुमाल खोला तो उसमें कागज की गड्डी थी।