लाइनमैन का शव रख सब स्टेशन पर हंगामा
नंदग्राम विद्युत सब स्टेशन पर तैनात संविदाकर्मी लाइनमैन मनोज कुमार (35) की नोएडा के एक अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने सब स्टेशन के जूनियर इंजीनियर पर लाइनमैन को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। गुस्साएं परिजन सब स्टेशन पहुंचे और वहां लाइनमैन का शव रखकर करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा किया। उनकी मांग थी कि जेई पर कार्रवाई की जाए। शव लेकर मेरठ रोड जाम करने के लिए जाते वक्त पुलिस ने परिजनों को रोक लिया। नंदग्राम टंकी के पास परिजनों की पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस के समझाने और जांच कर कार्रवाई की बात करने के बाद परिजनों का गुस्सा शांत हुआ।
अलीगढ़ के अतरौली के रहने वाले लाइनमैन मनोज के परिवार में पत्नी निर्मला, तीन बेटी व एक बेटा है। परिजनों का नंदग्राम विद्युत सब स्टेशन पर तैनात जेई कृष्ण गोपाल पर मनोज को हमेशा डांटने व मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप है। जिसके चलते ही मनोज को पिछली 30 अगस्त को हार्ट अटैक आया था। नंदग्राम स्थित मरियम अस्पताल में भर्ती किया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले दिल्ली और फिर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को रोककर शव को कब्जे में ले लिया। इस दौरान परिजनों की पुलिस से बहस भी हुई। पुलिस फिर शव और परिजनों को अपने साथ सिहानी गेट थाना लेकर आ गई। सीओ सेकेंड रुपेश सिंह का कहना है कि फिलहाल मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली हैं। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
जेई बोले-अधिक शराब पीने व लीवर खराब होने से हुई मौत
संविधाकर्मी मनोज अत्यधिक शराब पीता था। इसलिए उसे लीवर संबंधी बीमारी थी। बीमारी के कारण उसे 30 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उसकी मौत हो गई। अस्पताल की डिस्चार्ज रिपोर्ट में भी इसका जिक्र है। ऐसे में उनके ऊपर लगाए जाने वाले सभी आरोप सरासर गलत हैं। विद्युत कर्मियों की ओर से उसके परिवार की आर्थिक सहायता करने का आश्वासन दिया गया है। - कृष्णगोपाल, जेई, नंदग्राम सब स्टेशन