बीटेक छात्र की रेकी के बाद करते थे चोरी, चार गिरफ्तार
गाजियाबाद। इंदिरापुरम पुलिस ने चोरी करने वाले ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिनके लिए घरों की रेकी करने का काम एक बीटेक छात्र करता था। रेकी के आधार पर इस गैंग ने वैशाली सेक्टर-5 में दिल्ली के भाजपा नेता नवीन कुमार के जीजा के घर में करीब 20 लाख रुपये की चोरी की थी। पुलिस ने बीटेक छात्र समेत गैंग के चारों सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से ज्वेलरी, दो कार, एलईडी टीवी समेत हथियार भी बरामद हुए हैं।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पकड़े गए चोर क्षितिज उर्फ जीतू निवासी मयूर विहार फेज-3 दिल्ली, सूरज निवासी खंजीनगर कासगंज, साहिल निवासी नंगला शाहू मेरठ, अपूर्व शर्मा निवासी सुपरटेक अवंत कार्टे सेक्टर-5 वैशाली है। उन्हें इंदिरापुरम के नीति खंड के पास से गिरफ्तार किया है। सूरज निवासी साहिल फिलहाल दिल्ली में रहते हैं। पकड़े गए चोर करीब 30 से ज्यादा चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। एसएसपी ने बताया कि क्षितिज गैंग का सरगना है और उसके खिलाफ दिल्ली समेत एनसीआर के विभिन्न थानों में 12 केस दर्ज हैं। अपूर्व शर्मा बीटेक फाइनल ईयर का छात्र है और नोएडा की एक नामचीन इंस्टीट्यूट में पढ़ाई करता है। वह गैंग के लिए घर और फ्लैटों की रेकी करने का काम करता है। अपूर्व ने ही चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले दोनों घरों की रेकी की थी।
चोरी के रुपयों से कर्ज चुकाया, कार भी खरीदी
इंदिरापुरम के मुताबिक गैंग के सरगना क्षितिज ने चोरी के रुपयों से एक लाख रुपये का कर्ज उतारा। घूमने के लिए एक सेकेंड हैंड कार खरीदी। करीब 60-70 हजार की रकम जुए में हार गए। आरोपियों ने चोरी की कुछ ज्वेलरी गिरवी रख दी। एसएचओ इंदिरापुरम सचिन मलिक के मुताबिक चोरी कर भागने के दौरान गैंग सरगना क्षितिज और अन्य आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गए थे। फुटेज के आधार पर उनकी तलाश की जा रही थी। वैशाली चौकी पर तैनात दो सिपाहियों ने क्षितिज को एक मॉल में पहचान लिया। वह मौज मस्ती करने आया था।