बर्थ-डे पार्टी में किया हंगामा, आंटी ने पुलिस बुलाई
गाजियाबाद। क्रासिंग्स रिपब्लिक सिटी की जीएच-7 सोसायटी में जन्मदिन पार्टी के नाम पर कुछ युवकों ने जमकर हंगामा किया। युवकों ने कार के बोनट पर बैठकर तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम चलाया। स्थानीय महिलाओं ने उन्हें रोका तो उनसे अभद्रता की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक कार का चालान कर दो युवकों का शांतिभंग की धाराओं में चालान किया है।
मामला शुक्रवार देर रात का है। जीएच-7 सोसायटी के एक फ्लैट में रहने वाले परिवार में जन्मदिन की पार्टी थी। इसमें शामिल होने शाहबेरी के कुछ युवक पहुंचे थे। दो स्कार्पियो कार में सवार युवकों ने तेज आवाज में म्यूजिक चलाया और सड़कों पर तेजी से कार दौड़ाई। एक कार को लाइटों से सजाया गया था। कुछ युवक कार के बोनट पर बैठे थे और हुड़दंग कर रहे थे। कॉलोनी में घूम रही कुछ महिलाओं ने उन्हें रोका तो एक कार में सवार युवक तो चले गए, लेकिन दूसरी कार में सवार युवकों ने महिलाओं से अभद्रता की। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को बुलाया, लेकिन पुलिस युवकों पर कार्रवाई की बजाय उल्टा उन्हें ही समझाने लगी। शनिवार सुबह कॉलोनी के लोगों ने विजयनगर थाने में तहरीर दी। एसएचओ विजयनगर ने बताया कि एक कार को सीज कर दो युवक अरशद और रिहान पर शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
क्रासिंग्स रिपब्लिक के पास नाले में महिला का शव मिला
- हत्या की आशंका, शिनाख्त नहीं
गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित क्रासिंग्स रिपब्लिक सिटी के पास स्थित नाले से बोरे में बंद महिला का शव बरामद हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएचओ विजयनगर का कहना है कि शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। अंदेशा है कि हत्या के बाद शव बोरे में बंद कर कहीं दूसरी जगह नाले में डाला गया है, वह बह कर यहां पहुंचा है। उनका कहना है कि देखने से लग रहा है कि शव 10-12 दिन पुराना है। शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।