कैब में बैठाकर अकाउंटेंट और उनके भतीजे का लूटा
गाजियाबाद। कैब चालक और उसके साथी ने गोविंदपुरम निवासी एक अकाउंटेंट और उनके भतीजे से पिस्टल के बल पर नकदी और दो मोबाइल लूट लिए। पुलिस में शिकायत नहीं करने की चेतावनी देकर लुटेरों ने दोनों को एबीईएस कालेज के पास छोड़ दिया और भाग निकले। पीड़ित ने लाल कुआं चौकी पर शिकायत की लेकिन पुलिस ने उन्हें दादरी थाना क्षेत्र का मामला बताकर टरका दिया।
गोविंदपुरम निवासी विदित शर्मा आरडीसी स्थित हर्ष पॉली क्लीनिक में अकाउंटेंट हैं। विदित ने बताया कि साले की शादी के लिए वह दादरी में एक परिचित से कार लेकर आए थे। सोमवार को भतीजे सागर के साथ दादरी वापस गाड़ी लौटाने गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे दोनों दादरी से गोविंदपुरम स्थित घर लौटने के लिए दादरी स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक कैब सवार दो युवक आए। विदित ने उनसे लाल कुआं तक जाने के लिए पूछा तो उन्होंने हामी भरकर उनको बैठा लिया। सुनसान क्षेत्र में जाकर कैब में पिछली सीट पर बैठे एक युवक ने पिस्टल निकालकर अकाउंटेंट विदित और भतीजे सागर पर तान दी। लुटेरों ने उनसे चार हजार रुपये और दो मोबाइल लूट लिए और गोली मारने की धमकी दी। अकाउंटेंट ने पुलिस से शिकायत नहीं करने की बात कही तो कैब चालक ने उन्हें एबीईएस कालेज के पास सुनसान क्षेत्र में छोड़ दिया और फरार हो गए। पीड़ित अकाउंटेंट पास में खड़ी पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) में सवार पुलिसकर्मियों के पास पहुंचे और आपबीती बताई। पुलिसकर्मियों ने दोनों को लाल कुआं चौकी भेज दिया। विदित ने बताया कि लाल कुआं चौकी पर पुलिस ने शिकायत तो लेकर रख ली लेकिन रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए दादरी जाने को कहा। पुलिस का कहना था कि घटना दादरी थाना क्षेत्र की है। अब पीड़ित ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।