अल्पसंख्यक विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी
मसूरी। दिल्ली के अल्पसंख्यक विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रूपये की ठगी का मामला सामने आया है। अब पीड़ित के पैसा वापस मांगने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे है। पीड़ित ने मसूरी पुलिस को तहरीर दी है। थाना मसूरी क्षेत्र के गांव नाहल निवासी आसिफ का आरोप है कि मेरठ निवासी दो युवकों ने उसे बताया था कि उनकी दिल्ली के एक मंत्रालय में अच्छी जान पहचान है। दोनों युवकों ने उसकी नौकरी अल्पसंख्यक विभाग मे लगवाने का झांसा दिया। उन्होंने बताया था कि 6 माह की ट्रेनिंग होगी, इसके लिये बतौर सिक्योरिटी ढाई लाख रुपए देने होंगे। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद यह रकम वापस मिल जाएगी। उन पर विश्वास कर पीड़ित ने दोनों युवकों को नौकरी के लिए ढाई लाख रुपए दे दिये। एक साल बीत जाने पर भी नौकरी नहीं लगी तो पीड़ित ने रूपये वापस मांगे। आरोपियों ने रुपये लौटाने से इंकार कर दिया। पीड़ित का कहना है कि रुपये मांगने पर आरोपी अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।