सीने पर गोली मारकर सुरक्षा गार्ड ने की खुदकुशी
साहिबाबाद। लिंकरोड के साइट फोर में एक निजी कंपनी में रात करीब दो बजे सुरक्षा गार्ड ने बाथरूम में लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गार्ड ने सीने में गोली मारी थी। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर साथियों ने दरवाजा खटखटाया। नहीं निकलने पर गेट तोड़कर देखा तो घटना का पता चला। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
जानकारी के मुताबिक, मूलरूप से राजौरी जम्मू का रहने वाला अकरम (28) महाराजपुर गांव में किराए के मकान में बड़े भाई रज्जाक के साथ रहता था। दोनों 2014 से साइट फोर स्थित एक निजी कंपनी में बतौर सुरक्षा गार्ड काम करते थे। रज्जाक ने बताया कि अकरम की नाइट ड्यूटी थी। रात को वह करीब दो बजे बाथरूम करने गया। करीब आधे घंटे तक वह बाहर नहीं निकला, फिर अचानक गोली चलने की आवाज आई। साथी कर्मचारियों ने बाथरूम का गेट खटखटाया। इसके बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं आया तो अन्य लोगों के साथ मिलकर गेट तोड़ा तो अकरम खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था और सीने में गोली लगी हुई थी। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस और मृतक के भाई को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लिंकरोड एसएचओ ब्रिजेश वर्मा ने बताया कि बंदूक और मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
भाई ने पुलिस कार्रवाई से किया इंकार
भाई रज्जाक ने पुलिस को लिखित में देकर कार्रवाई नहीं करने की मांग की है। मृतक के भाई का कहना है कि उसके भाई ने गोली मारकर आत्महत्या की है। इसमें वह कोई भी कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
पहचान पत्र और मोबाइल बाहर रख गया था गार्ड
एसएचओ लिंक रोड ब्रिजेश वर्मा ने बताया कि सुरक्षा गार्ड के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। कंपनी में लगी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई तो अकरम बाथरूम में घुसने से पहले अपना पहचान पत्र और मोबाइल सीढ़ियों पर रखता हुआ दिखाई दिया। मृतक के भाई रज्जाक का कहना है कि भाई ने आत्महत्या की है। एसएचओ का यह भी कहना है कि हो सकता है कि गलती से बंदूक का ट्रिगर दब गया हो और अकरम को गोली लग गई हो। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है।