रिश्वत लेने के आरोपी यूजीबी के सहायक प्रबंधक को जेल
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। रिश्वत लेते सीबीआई के हत्थे चढ़े उत्तराखंड ग्रामीण बैंक (यूजीबी) गदरपुर के सहायक प्रबंधक विपिन चंद आर्य को स्पेशल मजिस्ट्रेट (सीबीआई) की कोर्ट ने बुधवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं सीबीआई की एक टीम आरोपी के रुद्रपुर स्थित घर पर भी छापेमारी कर रही है।
गौरतलब है कि मंगलवार को सीबीआई ने यूजीबी बैंक के सहायक प्रबंधक विपिन चंद आर्य को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। विपिन डेयरी लोन की राशि खाते में ट्रांसफर करने की एवज में क्षेत्र के एक किसान से रिश्वत मांग रहा था। सीबीआई के सूत्रों के अनुसार आरोपी विपिन चंद आर्य के दफ्तर से भी कई महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं। सीबीआई की टीम ने बुधवार को विपिन चंद आर्य को देहरादून में स्पेशल मजिस्ट्रेट (सीबीआई) की कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उधर, सीबीआई की एक टीम रुद्रपुर में ही डेरा डाले हुए है। सूत्रों के अनुसार आरोपी के घर (रुद्रपुर) से आय से अधिक संपत्ति से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। फिलहाल इनकी जांच की जा रही है।