तलाकशुदा पत्नी ने नहीं खोला दरवाजा तो खुद को मार ली गोली, मौत
लोनी। लोनी की डीएलएफ चौकी के पास अंकुर कालोनी में रात दस बजे तलाकशुदा पत्नी से मिलने पहुंचे युवक ने घर का दरवाजा नहीं खोले जाने पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से कालोनी में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
प्रदीप (30) दिल्ली के त्रिलोकपुरी में परिवार के साथ रहता था। वह मूर्ति बनाने का काम करता था। चार साल पूर्व उसने डीएलएफ अंकुर विहार कालोनी में दूसरे समुदाय की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। करीब एक वर्ष पूर्व उसका पत्नी से तलाक हो गया था। सीओ लोनी दुर्गेश कुमार ने बताया कि रात करीब दस बजे युवक तलाकशुदा पत्नी से मिलने पहुुंचा था। इस दौरान उसने काफी देर तक घर का गेट खटखटाया। तलाकशुदा पत्नी ने गेट नहीं खोला तो युवक ने तमंचा निकालकर कनपटी में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली थी। सीओ का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।