डायमंड फ्लाईओवर के पास बाइकर्स ने एक कैश मैनेजमेंट सर्विस कंपनी के कर्मचारी से गन प्वाइंट पर 15 लाख रुपये लूट लिए हैं। इस संबंध में कविनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
हालांकि पुलिस वारदात को संदिग्ध मान रही है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने डेमो करके देखा, जिसमें कर्मचारी के लूट के दावों में झोल नजर आ रहा है। पुलिस का कहना है मामले में कुछ न कुछ गड़बड़ जरूर है, जांच की जा रही है।
वारदात सुमित निवासी विजयनगर के साथ हुई। वह पिछले चार साल से दिल्ली की रेडिएंट कैश मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में जॉब करता है। यह कंपनी अन्य कंपनियों से कैश लेकर उसे बैंकों तक पहुंचाने का काम करती है।
सुमित ने बताया कि बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह बाइक पर कविनगर थाना क्षेत्र स्थित औद्योगिक क्षेत्र डी-ब्लाक में अमेजन कंपनी से 15 लाख तीन हजार रुपये लेकर निकला था। उसे शिप्रा सनसिटी के पास खड़ी अपनी कंपनी की कैश वैन तक रुपये पहुंचाने थे।
वह करीब 800 मीटर ही चला था कि बाइक सवार दो बदमाश आए, जिन्होंने गन प्वाइंट पर उससे नोटों से भरा बैग लूट लिया और भाग गए। उसने उनका पीछा किया और कंट्रोल रूम में फोन किया, मगर बात नहीं हो सकी। इस दौरान गश्त करती पीआरवी वहां पहुंची और छानबीन की।
पुलिस उसे थाने ले आई और पूछताछ की। इस संबंध में देर रात कंपनी मैनेजर रामपाल ने एफआईआर दर्ज कराई है। कविनगर एसएचओ हेमंत राय ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जांच के बाद जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा।
वारदात का डेमो करके देखा तो निकला झोल
पुलिस को छानबीन में पता चला कि शाम 7:35 बजे सुमित अमेजोन से पैसे लेकर निकला है, उसकी फोटो कंपनी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आ रही है। इसके बाद उसने 7:36 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल की है।
पुलिस ने डेमो करके देखा तो सुमित केदावों में झोल निकला। एसएचओ ने बताया कि डेमो केदौरान कंपनी से निकल कर कथित घटनास्थल तक पहुंचने, बदमाशों का पीछा करने और पुलिस को सूचना देने में करीब 4 मिनट लगे।
ऐसे में सवाल खड़े हो रहे हैं कि उसने 60 सेकेंड में सब कुछ कैसे कर दिया। तीन बार कंट्रोल रूम में कॉल की, मगर बात नहीं की, ‘हैलो-हैलो’ करता रहा। इसके अलावा वह बिना कैश वैन के रुपये लेने क्यों पहुंचा।
यह कंपनी के नियमों के खिलाफ है। घटना केबाद उसने शोर मचाया था, जिसके बाद आसपास की फैक्ट्री के गार्ड वहां पहुंचे थे, जिन्हें उसने लूट की रकम पांच लाख रुपये बताई थी।