गाजियाबाद। मेरठ के रोहटा रोड स्थित मीरपुर गांव निवासी सचिन ने अपने भाई को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा कि मैं दोस्त अजय के साथ जा रहा हूं, बाइक स्टेशन पर खड़ी और पार्किंग की पर्ची भी उनको भेज दी। इसके बाद से युवक दोस्त सहित लापता हो गया। पीड़ित परिजन ने जब मैसेज देखा तो होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस से शिकायत की, लेकिन अभी तक दोनों का पता नहीं चल सका।
पीड़ित भाई सोनू ने रोहटा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनका भाई सचिन शादीशुदा है और वह अपने दोस्त अजय के साथ गाजियाबाद की एक कंपनी में जॉब करते थे। 14 फरवरी की रात को उनके भाई सचिन ने व्हाट्सएप पर मैसेज भेज रखा था कि मैं जा रहा हूं और बाइक रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी है। पार्किंग की पर्ची की फोटो भी मैसेज कर रखी थी।साथ ही कहा कि वह अपने दोस्त के साथ जा रहा है। 15 फरवरी की सुबह मैसेज देखा तो उनके होश उड़ गए। परिजनों को बताया तो अनहोनी की आशंका के चलते वे दहशत में आ गए। सचिन से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्हाेंने मेरठ के रोहटा थाने में शिकायत की तो पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही उनको तलाश करने के लिए टीम गाजियाबाद भी आई, लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका।
परिजनों ने बताया कि दोनों युवक घर छोड़कर अचानक क्यों और कहा गए हैं। इस बात से पूरी तरह अंजान हैं। परिवार में भी दोनाें की किसी से कोई कहासुनी तक नहीं हुई है। आखिर ऐसी क्या बात हुई कि वह बिना बताए दोनों घर छोड़कर चले गए। दोनों के परिजन परेशान हैं। सचिन के परिजन सोमवार को गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से बाइक लेने के लिए पहुंचे तो उसी दौरान उन्होंने यह जानकारी दी।
गाजियाबाद एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि बाइक परिजनों के सुपुर्द करने के लिए उनसे साक्ष्य लिए गए। इस मामले में मेरठ पुलिस कार्रवाई कर रही है। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी भी पुलिस ने खंगाले हैं, लेकिन अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।