फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: साइबर ठगों ने 14 अलग-अलग लोगों से 27.30 लाख रुपये ठगे

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। जिले के अलग-अलग थानों में शनिवार को साइबर ठगी के 14 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। साइबर ठगों ने शेयर ट्रेडिंग, टेलीग्राम टास्क और क्रेडिट कार्ड रिन्युअल कराने के झांसे दिए। 14 में से 10 ऐसे लोगों को निशाना बनाया है, जो सोसायटी में रहते हैं। साइबर ठगों ने अलग-अलग 14 लोगों से 27.30 लाख रुपये की ठगी की है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने जांच कर संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज किए हैं।
विज्ञापन

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि सभी मुकदमे जांच कर दर्ज कराए गए हैं। पीड़ितों के मुताबिक साइबर ठगी का अहसास होते ही उन्होंने निवेश करना बंद कर दिया और थानों में शिकायत दर्ज कराई। बताया कि नंदग्राम थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी पांच नंबर भट्टा मेरठ रोड निवासी गौरव तोमर के मुताबिक एक जुलाई 2025 को उनके मोबाइल पर कॉल आई और घर बैठे कमाई का झांसा देकर टेलीग्राम ग्रुप से जोड़े गए।
पहले निशुल्क टास्क किए और उसके बाद प्रीपेड टास्क मिलने लगे। गौरव तोमर ने मात्र 3.05 लाख रुपये ट्रांसफर किए। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने निवेश बंद कर दिया और नंदग्राम थाने में तहरीर दी। नंदग्राम थाना क्षेत्र के सी ब्लॉक निवासी विनय कुमार शुक्ला को साइबर ठगों ने एक लिंक भेजा। इस पर क्लिक करते ही तीन ट्रांजक्शन में 1.45 लाख रुपये ठगों ने खाते से ट्रांसफर कर लिए। इसी तरीके से साइबर ठगों ने राजनगर एक्सटेंशन की रिवर हाईट्स निवासी लक्ष्यम त्यागी के खाते से 1.40 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। दोनों पीड़ितों ने तुरंत बैंक और थाने को सूचना दी तो उनके बैंक खाते फ्रीज कराए गए। नंदग्राम थाना क्षेत्र के ही राहुल शर्मा के खाते से 2.14 लाख रुपये लिंक भेजकर ही ट्रांसफर कर लिए गए। जबकि नंदग्राम क्षेत्र की चार्मस कैसल सोसायटी निवासी आलोक सचिन के मुताबिक उनका मोबाइल 21 जून 2025 को गुम हो गया। इसके बाद ठगों ने गुम मोबाइल का लॉक खोलकर 10 हजार 500 रुपये की ट्रांजक्शन कर ली। वहीं सिहानी गेट थाना क्षेत्र की लाल क्वार्टर निवासी सुनीता दास का कहना है कि 12 जून को उनके मोबाइल पर एक महिला की कॉल आई और आर्थिक मदद मांगी। महिला ने आश्वासन दिया कि वह एक कंपनी में काम करती हैं और उनके पैसे लौटा देंगी। सुनीता दास ने 1.30 लाख रुपये महिला को ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद महिला का फोन बंद हो गया। विजयनगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर निवासी आशीष आनंद को साइबर ठगों ने टेलीग्राम टास्क के जरिए पहले निशुल्क टास्क दिए और उसके बाद अधिक कमाई का झांसा देकर प्रीपेड टास्क दिए। आशीष आनंद ने 2.80 लाख रुपये निवेश किए। जब ठगों ने अधिक रुपये निवेश करने का दबाव बनाया तो उन्होंने ग्र्रुप छोड़ दिया और विजयनगर थाने में शिकायत की। उधर, विजयनगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार निवासी रिषभ कुमार को महिला कॉलर ने 29 मई 2025 को कॉल कर खुद को मीशो कंपनी का कर्मचारी बताया। कॉलर ने रिषभ से प्रीपेड टास्क लेकर घर बैठे कमाई का झांसा दिया। रिषभ कुमार ने मात्र 2.17 लाख रुपये निवेश किए। पीड़ित के मुताबिक ज्यादा से ज्यादा निवेश करने का दबाव बनाया गया तो उन्हें साइबर ठगी का अहसास हो गया। विजयनगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार निवासी बृजेश कुमार सिंह का कहना है कि छह जून को उनके मोबाइल पर कॉल आई और कॉलर ने खुद को जल विभाग का अधिकारी बताकर बकाया भुगतान करने को कहा। मोटी धनराशि का एडजस्टमेंट कराने के लिए आवेदन शुल्क पांच रुपये ट्रांसफर करने की बात कही। पांच रुपये ट्रांसफर करते ही उनके खाते से साइबर ठग ने 1.89 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। विजयनगर थाना क्षेत्र के न्यू विजय नगर निवासी धर्मेंद्र सिंह को साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड रिन्युअल कराने का झांसा देकर 3.37 लाख रुपये ठग लिए। उधर, क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की सेवियर ग्रीनाइल सोसायटी निवासी भरत पाठक को साइबर ठगों ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने का झांसा देकर 4.89 लाख रुपये की ठगी कर ली। वहीं, इसी थाना क्षेत्र की यूनीवन रेसीडेंसी बहरामपुर के सत्यम अपार्टमेंट निवासी दुष्यंत खोना के मुताबिक सोशल मीडिया पर उनकी दोस्ती एक महिला से हुई। महिला ने कॉल कर अपना नाम अनामिका श्रीकांत गुप्ता बताया और नोएडा की एक कंपनी में जॉब करने की बात कही। महिला ने दुष्यंत खोना को सिंगापुर कसीनो के शेयर खरीदने का झांसा दिया। पीड़ित ने मात्र 1.82 लाख रुपये निवेश किए और महिला के खिलाफ क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में मुकदमा दर्ज कराया। वहीं, क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की गैलेरिया मार्किट प्रथम निवासी विनायक मिश्रा का कहना है कि टेलीग्राम टास्क के जरिए उनसे मात्र 71 हजार रुपये की साइबर ठगी हुई। उधर, क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की सेवियर ग्रीनाइल सोसाइटी निवासी श्वेता उपाध्याय के मुताबिक कॉलर निकुंज भलाला ने कॉल कर खुद को नुवामा वैल्थ मुंबई की कंपनी का कर्मचारी बताया और उनकी कंपनी से जुड़कर शेयर बाजार के आईपीओ खरीदने के लिए निवेश करने का झांसा दिया। श्वेता उपाध्याय ने शेयर ट्रेडिंग में मात्र 24 हजार 198 रुपये निवेश किए और ठगी का अहसास होने पर कॉलर के खिलाफ क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन


डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि समस्त पीड़ितों की शिकायत पर जांच कर संबंधित थानों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। मोबाइल नंबर और बैंक खाता संख्या से साइबर ठगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें