लोनी। अगरौला गांव के पास शुक्रवार को सड़क हादसे में ढाबा संचालक दंपती की मौत के विरोध में रिश्तेदार और परिजन ने दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मृतका राखी का शव रखकर जाम लगाया। उन्होंने मृतक दंपती के बच्चों के लिए आर्थिक मदद की मांग की। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को पत्राचार करने का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद ही परिजन ने महिला के शव को सड़क से उठवाया। करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि तेज रफ्तार कार की टक्कर से शनिवार को मंडोला निवासी बाइक सवार कपिल (31) और उनकी पत्नी राखी (30) भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान कपिल की उसी दिन मौत हो गई थी और राखी का उपचार दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में चल रहा था। रविवार को इलाज के दौरान राखी ने भी दम तोड़ दिया और पोस्टमार्टम के बाद सोमवार दोपहर उनका शव लोनी पहुंचा। परिजन और मोहल्ले के लोगों ने दिल्ली-देहरादून हाईवे पर राखी का शव रखकर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। साथ ही शासन-प्रशासन से कपिल और राखी के बच्चों के लिए आर्थिक मदद की मांग की। हाईवे जाम की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे और परिजन से बात कर शव को सड़क से हटवाया और शासन-प्रशासना से पत्राचार करके मदद कराने की बात कही। आश्वासन के बाद लोग शव लेकर चले गए। एसीपी ने बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार करके कार को जब्त कर लिया है।
-
ढाबा चलाकर कर रहे थे परिवार का लालन-पालन
मंडोला गांव निवासी कपिल और उनकी पत्नी राखी दोनों अगरौला गांव में ढाबा चलाते थे। उनके भाई शुभम ने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढे दस बजे भाई-भाभी बाइक पर ढाबे से घर लौट रहे थे। अगरौला गांव से कुछ दूरी पर तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दो बच्चे हैं और उनका ढाबा चलाकर ही वह परिवार का लालन-पालन कर रहे थे। अब बच्चों की शिक्षा से लेकर अन्य समस्याएं सामने आ गई हैं।
-