मुरादनगर। ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार। स्रोत: पुलिस
मुरादनगर। पुलिस ने सस्ते दाम पर नकली सोना देकर 10 लाख रुपये ठगने वाले दंपती को गिरफ्तार किया है। दंपती के कब्जे से एक किलो 900 ग्राम सोना व दस हजार रुपये की नकदी बरामद किए गए हैं। पकड़े गए दंपती बीस साल से सैकड़ों लोगों से ठगी कर चुके हैं।
एसीपी लिपि नगायच ने बताया कि 9 मई को दुहाई निवासी सुरभि ने मुरादनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक दंपती ने सस्ते दाम में सोना बेचने की बात कहकर झांसे में लिया था। इसके बाद ठग दस लाख रुपये लेकर नकली सोना देकर चले गए। एसीपी ने बताया कि ठगों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया था।
बताया कि सोमवार रात को सूचना मिली कि ठग फिर से किसी के साथ ठगी करने की फिराक में गंगनहर पटरी पर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी करके दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम जीवा व जामा देवी निवासी शिवपुरम चांदना चौक थाना टीपीनगर मेरठ बताया।
पुलिस पूछताछ में दंपती ने बताया कि वह करीब 20 साल से लोगो के साथ ठगी कर रहे हैं, वह नकली सोने की माला में एक असली सोने का मोती लगाते हैं और उसको पहचानने के लिए उसमे काला धागा बांध देते हैं और उसी को अचानक से निकालकर लोगों को सैंपल के लिए दे देते हैं, एक बार ठगी करने के बाद तीन महीने के लिए अंडरग्राउंड हो जाते हैं।