नगर निगम कार्यकारिणी समिति के छह सदस्यों का चुनाव 21 को नहीं 24 अक्तूबर को होगा। बुधवार को महापौर अशु वर्मा ने बोर्ड बैठक और चुनाव की तारीख आगे बढ़ाने के निर्देश अफसरों को दे दिए हैं। वहीं इस चुनाव को लेकर बुधवार को भाजपा, कांग्रेस और बसपा के संगठनों की बैठकें हुई। कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी का नाम भी फाइनल कर दिया है।
कार्यकारिणी समिति को निगम की ‘कैबिनेट’ भी माना जाता है। ऐसे में इस समिति में राजनीतिक दलों की कोशिश ज्यादा से ज्यादा सदस्य भेजने की रहती है। इसी समिति के 12 सदस्यों में से एक को उपाध्यक्ष चुना जाता है।
यही वजह है कि समिति के सदस्य पद के लिए भी निगम में जबरदस्त मारामारी रहती है। चुनाव की तारीख अचानक घोषित हो जाने की वजह से दावेदार पार्षद और राजनीतिक दल भी तैयारी नहीं कर पाए थे।
ऐसे में महापौर अशु वर्मा ने अब बोर्ड बैठक की तारीख आगे बढ़ाकर 24 अक्तूबर कर दी है। बुधवार दोपहर तीन बजे भाजपा ने प्रत्याशी तय करने के लिए महानगर कार्यालय पर बैठक बुलाई।
मेयर और पार्टी के पार्षदों की मौजूदगी में हुई बैठक में प्रत्याशियों के नाम तो तय नहीं हो पाए, लेकिन सभी पार्षदों ने नाम तय करने के अधिकार सर्व सम्मति से मेयर और महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा को दे दिए हैं।
महापौर ने बताया कि एक-दो दिन में प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर दिए जाएंगे। उनका कहना है कि वह प्रयास करेंगे कि निगम कार्यकारिणी समिति के चुनाव आम सहमति से करा लिए जाएं।
वहीं कांग्रेस पार्षद दल के नेता राजीव भाटी ने बताया कि बुधवार को पार्षद दल की बैठक संजय नगर में की गई। इसमें बबीता चौधरी को प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया गया।