गाजियाबाद। क्षय रोग से ग्रसित व्यक्ति व डेढ़ वर्षीय बच्चे में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। क्षय रोगी को सांस लेने में परेशानी होने पर परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था। वहीं जांच हुई थी, जबकि डेढ़ वर्षीय बच्चे को बुखार होने पर जांच कराई गई। दिसंबर से अब तक 72 लोगों की जांच की जा चुकी है। इनमें से सिर्फ 13 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि कौशांबी में निवासी 53 वर्षीय व्यक्ति को कई दिनों से खांसी, जुकाम की शिकायत थी। जांच कराने पर क्षय रोग की पुष्टि हुई है। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। अस्पताल में जांच के दौरान उनकी कोरोना जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा इंदिरापुरम के अभयखंड में रहने वाले डेढ़ वर्षीय बच्चे को खांसी, जुकाम होने के चलते परिजनों ने निजी डॉक्टर को दिखाया था। आराम नहीं मिलने पर डॉक्टर ने कोरोना जांच कराने की सलाह दी। बच्चे को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सर्विलांस अधिकारी ने बताया कि दोनों के परिजनों के कोरोना जांच के लिए नमूना लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस समय जिले में कोरोना के दो सक्रिय मरीज हैं।