गाजियाबाद। कोरोना संक्रमित दो बुुजुर्गों और एक महिला की मौत हो गई। महिला और एक बुजुर्ग की मौत जिले के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हुई है, जबकि एक बुजुर्ग की मौत मेरठ मेडिकल कॉलेज में हुई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि दो बुजुर्गाें को गंभीर बीमारियां थीं, उसी के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे। उसी दौरान जांच में कोरोना की पुष्टि हुई थी। एक मरीज संक्रमण मुक्त हो चुका था।
इंदिरापुरम में रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग का 15 अप्रैल को कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार किया गया। वसुंधरा में रहने वाले 75 वर्षीय बुजुर्ग का 16 अप्रैल को कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार हुआ। उनकी मृत्यु मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान हुई थी। 17 अप्रैल को लोहिया नगर में रहने वाली 55 वर्षीय महिला का कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार किया गया।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता का कहना है कि मेरठ मेडिकल कॉलेज में बुजुर्ग की मौत दूसरी बीमारी के कारण हुई, इलाज के लिए की गईं जांच के दौरान उनमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी, लेकिन मृत्यु से पहले वह संक्रमण मुक्त हो चुके थे। इसके अलावा अन्य दोनों मामलों में भी मौत का कारण कोरोना नहीं रहा होगा।
डॉ. आरके गुप्ता का कहना है कि फिलहाल एक ही मौत की जानकारी है, बुजुर्ग को कैंसर की अंतिम स्थिति थी। उनकी हालत भी गंभीर थी, इसके अलावा दो अन्य मामलों में ज्यादा जानकारी नहीं है। निजी अस्पतालों की ओर से भी इस तरह की कोई सूचना नहीं मिली है। दोनों मामलों के बारे में जानकारी की जा रही है, मौत होने का कारण अस्पताल से मांगा गया है। उसके बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
1557 की जांच में 93 संक्रमित
सोमवार को 1557 लोगों ने कोरोना की जांच कराई थी। इनमें से 93 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, इनमें 43 महिलाएं भी हैं। संक्रमितों में 31 से 40 साल के सबसे अधिक 26 लोग और 21 से 30 वर्ष के 20 युवाओं में संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमण के सात दिन बाद 97 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हुआ है। इलाज के बाद चार मरीज अलग-अलग अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं। अप्रैलम महीने में 772 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। इस समय जिले में 395 मरीजों का इलाज चल रहा है।
मकनपुर में मिले सबसे अधिक 14 संक्रमित
शुक्रवार को सबसे अधिक मकनपुर में 14 संक्रमित मिले हैं। 14 अप्रैल को भी 11 संक्रमित मिले थे। राजबाग में नौ, राजनगर में 08, शालीमार गार्डन और महराजपुर में छह छह मरीज मिले हैं। वसुंधरा, दीनदयालपुरी, विजय नगर में 5-5 मिले हैं, कोटगांव और कनावनी में चार-चार मरीज की पुष्टि हुई है। शास्त्रीनगर, हिंडन विहार और हरसांव में तीन-तीन मरीजों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डासना, लोनी, कैला भट्ठा, मिर्जापुर, शिप्रा सनसिटी में दो-दो और भोपुरा, मुरादनगर में एक-एक मरीज मिले हैं।
492 रेमडेसिविर इंजेक्शन मौजूद
जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही रेमडेसिविर इंजेक्शन की मांग शुरू हो गई है। वैशाली स्थित एक निजी अस्पताल ने इंजेक्शन की मांग की है। हालांकि अभी तक इंजेक्शन नहीं लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के पास 492 इंजेक्शन उपलब्ध है। सीएमएसडी स्टोर प्रभारी डॉ. चरण सिंह ने बताया कि इंजेक्शन की डिमांड होने पर मुहैया करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इंजेक्शन 1800 रुपये में मिलेगा। हालांकि अभी ऐसी स्थिति नहीं है कि इंजेक्शन की जरूरत हो।
मंगलवार को मिले मरीजों की स्थिति
उम्र संक्रमित
1-10 02
11-20 07
21-30 20
31-40 26
41-50 14
51-60 07
61-70 11
71-80 03
81-90 03