गाजियाबाद। गर्मी बढ़ने पर लड्डू गोपाल के लिए बाजार में कूलर आ गए हैं। लोग अपने कान्हा जी को गर्मी से बचाने के लिए खूब कूलरों की खरीदारी कर रहे हैं। इसके साथ गर्मी के लिए और भी कई तरह की चीजें बाजार में चलन में हैं। कान्हा जी की रात की पोशाक और पगड़ी भी बाजार में खूब बिक रही हैं।
तुराबनगर बाजार में दुकान करने वाले अनुज गोयल ने बताया कि कान्हा जी को गर्मी से बचाने के लिए लोग कूलर खरीद रहे हैं। उनकी दुकान में रंग बिरंगे प्लास्टिक के कूलर हैं जो देखने में बहुत आकर्षित भी लगते हैं। इसके साथ उन्होंने बताया कि कान्हा जी के लिए पानी का फव्वारा बाजार में नया आया है। इसमें लड्डू गोपाल को रखकर नहलाया जाता है। यह भी लोगों को भा रहा है। गर्मी में लड्डू गोपाल के लिए रात को सोने के कपड़ों की मांग भी हो रही थी जिसके लिए उन्होंने खास नाइट ड्रेस बनवाई है और जैसे नंदगांव में लोग पगड़ी पहना करते थे बिल्कुल वैसी हा पगड़ी बनवाई गई है।
घरों में रखे लड्डू गोपाल को लोग बिल्कुल घर के सदस्य की तरह रखते हैं। इसलिए लोग गर्मी में अपनी तरह लड्डू गोपाल के लिए भी सभी सुविधाएं चाहते हैं। जिसके लिए बाजार में हर वर्ष लड्डू गोपाल के लिए तरह तरह की चीजें आती है। लोग लड्डू गोपाल के लिए छाता, मुलायम बेड, सोफा भी खरीद रहे हैं।
लड्डू गोपाल के सामान के भाव
कूलर 350 रुपये
छाता 60 रुपये
बेड 100 से 900 रुपये
सोफा 900 से 2000 रुपये
फव्वारा 1000 रुपये
नाइट सूट 20 रुपये
पगड़ी 50 रुपये