गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन में एक फ्लैट में टाइल्स लगाने वाले ठेकेदार राजेश कुमार को बंधकर बनाकर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोजन, सनी व एक अज्ञात ने उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की और 35 हजार रुपये, मोबाइल, बाइक की चाबी, डेबिट कार्ड समेत अन्य सामान लेकर भाग गए। घटना 25 अक्तूबर की है। मामले में उन्होंने कोर्ट के आदेश पर नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
घूकना सुभाष नगर में रहने वाले राजेश कुमार का कहना है कि उनके पास सनी लेबर के रूप में काम करता था। सनी ने उनसे 15 हजार रुपये उधार लिए थे। वह अक्सर काम पर शराब पीकर आता था। ऐसे में उसे कई बार मना किया गया लेकिन वह नहीं माना तो उसे काम से निकाल दिया। आरोप है कि उसके बाद सनी रंजिश रखने लगा। आरोप है कि 25 अक्तूबर 2023 को राजनगर एक्सटेंशन की एक सोसायटी में छठी मंजिल पर एक फ्लैट में वह टाइल्स लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान सनी अपने साथ सोजन और अन्य दो साथियों के लेकर पहुंचा। चारों ने उनके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की और उनकी जेब में रखे 35 हजार रुपये, मोबाइल, डीएल लूट लिए। इसके बाद वे उनके हाथ पैर बांधकर फ्लैट में बंद कर भाग गए। किसी तरह बंधन मुक्त हुए पुलिस के पास जाकर शिकायत की लेकिन, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परेशान होकर अदालत का सहारा लेकर केस दर्ज कराया है। एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।
-
हॉस्टल से लैपटॉप, मोबाइल चोरी
गाजियाबाद। नंदग्राम के मरियम नगर में एक हॉस्टल से दो छात्रों के मोबाइल और लैपटॉप चोरी हो गए। छात्र करन कुमार ने नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। करन कुमार का कहना है कि वह सहपाठी प्रतीक के साथ मरियम नगर में एक हॉस्टल में रहते हैं। कमरे से 21 अप्रैल की सुबह उनके दो मोबाइल और एक लैपटॉप चोरी हो गए। जागने पर उन्हें चोरी का पता चला। एसीपी नंदग्राम का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।